पाकिस्तान के ODI कप्तान शाहीन शाह आफरीदी ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का ऐसा जलवा दिखाया है कि हर कोई उनकी तारीफ करने को मजबूर है. नेशनल चैम्पियंस कप के फाइनल में शाहीन ने हैट्रिक समेत 7 विकेट झटककर तहलका मचा दिया. उनके इस घातक प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान गोल्ड ने शादाब खान की कप्तानी वाली पाकिस्तान ग्रीन्स को 101 रन से हरा दिया.
18 अगस्त को मुल्तान में खेले गए फाइनल में शाहीन ने अपने लिस्ट ए करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया. उन्होंने 8.3 ओवर में महज 36 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए. इनमें सबसे खास उनकी हैट्रिक रही, जिससे उन्होंने पाकिस्तान ग्रीन्स की पारी को समेट दिया.
HAT-TRICK FOR SHAHEEN AFRIDI IN THE NATIONAL CHAMPIONS CUP FINAL. 🥶 pic.twitter.com/X80HuXsaaV
— Sheri. (@CallMeSheri1_) August 18, 2026
गोल्ड ने बनाए 340 रन
शाहीन आफरीदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पाकिस्तान गोल्ड के लिए ओपनर शमील हुसैन और साद खान ने शानदार शतक जड़े और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. शमील हुसैन ने 93 गेंदों पर 111 रन की पारी खेली. उनकी पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वहीं साद खान ने 102 गेंदों में 112 रन बनाए. उन्होंने भी 11 चौके और 4 छक्के लगाए.
इन दोनों की शतकीय पारियों की बदौलत पाकिस्तान गोल्ड ने 340 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. पाकिस्तान ग्रीन्स की ओर से गेंदबाजी में कुल 9 खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें फखर जमां भी शामिल थे.
सम्बंधित ख़बरें
शुरुआत में शाहीन को नहीं मिला विकेट
340 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ग्रीन्स के खिलाफ शाहीन आफरीदी को नई गेंद से शुरुआत में सफलता नहीं मिली. आठवें ओवर में मुबासिर खान ने फखर जमां को किया आउट. इसके बाद रजाउल्लाह ने ओमैर यूसुफ को आउट किया. ग्रीन्स की ओर से साद बेग ने जरूर 51 गेंदों में 67 रन की पारी खेली, लेकिन फैसल अकरम ने उन्हें आउट कर दिया. बेग के आउट के समय पाकिस्तान ग्रीन्स का स्कोर 21.4 ओवर में 147/3.
लेकिन इसके बाद आफरीदी ने नई गेंद से विकेट नहीं मिलने के बाद मिडिल ओवर्स में अपना असली रंग दिखाया. मोहम्मद सुलेमान और फरहान यूसुफ ने पुल शॉट की कोशिश की, लेकिन दोनों अब्दुल समद के हाथों डीप स्क्वायर लेग पर कैच हो गए. इसके बाद कैप्टन शादाब खान भी शाहीन का शिकार बने. पाकिस्तान ग्रीन्स का तेजी से पतन हुआ. टीम ने सिर्फ 26.5 ओवर के भीतर 167 रन बनाए और 6 विकेट गंवाए.
पहले विकेट, फिर हैट्रिक... शाहीन ने मचाया कहर
शाहीन 36वें ओवर में दोबारा गेंदबाजी करने आए और यहीं से मुकाबले का अंत लगभग तय हो गया. उन्होंने नसीम शाह को विकेट के पीछे कैच कराकर पवेलियन भेजा. नसीम और फहीम अशरफ के बीच सातवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई थी. अगले ओवर में शाहीन ने गेंद को थोड़ा आगे पिच कराया और मेहरान मुमताज को LBW कर दिया.
इसके बाद राउंड द विकेट गेंदबाजी करते हुए उन्होंने सलमान मिर्जा को कैच एंड बोल्ड कर दिया. अब शाहीन के सामने हैट्रिक का मौका था. अगली गेंद पर उन्होंने मोहम्मद हसनैन को क्लीन बोल्ड कर दिया और अपनी हैट्रिक पूरी कर ली. शाहीन की इस हैट्रिक के साथ पाकिस्तान ग्रीन्स की पारी 37.3 ओवर में 239 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान गोल्ड ने मुकाबला 101 रन से अपने नाम कर लिया.
टेस्ट टीम से बाहर क्यों हैं शाहीन?
शाहीन आफरीदी की इस शानदार गेंदबाजी के बीच एक बड़ा सवाल यह भी है कि वह पाकिस्तान की टेस्ट टीम का हिस्सा क्यों नहीं हैं. शाहीन फिलहाल पाकिस्तान के टेस्ट क्रिकेट के प्लान में शामिल नहीं हैं. यही वजह है कि 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में वह खेलते नजर नहीं आएंगे. इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था. उस समय पाकिस्तान की कप्तानी बाबर आजम के हाथों में थी.
---- समाप्त ----
