Jul 28, 2026 09:32 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
Vivo S2 भारत में जल्द लॉन्च होने वाला है। कंपनी ने फोन का पहला टीजर जारी कर दिया है। लॉन्च से पहले कैमरा डिजाइन, संभावित कीमत, कलर ऑप्शन, सेल डेट और कई फीचर्स लीक हो चुके हैं।

6 साल बाद भारत लौट रही Vivo S Series, Vivo S2 का टीजर हुआ जारी
Vivo ने आखिरकार भारत में अपने अपकमिंग स्मार्टफोन Vivo S2 की पहली आधिकारिक झलक दिखा दी है। कंपनी ने X (पहले Twitter) पर एक टीजर वीडियो शेयर किया है, जिससे साफ हो गया है कि यह स्मार्टफोन जल्द भारतीय बाजार में लॉन्च होने वाला है। खास बात यह है कि Vivo S2 के साथ कंपनी करीब छह साल बाद S Series की भारत में वापसी करने जा रही है। इससे पहले साल 2019 में Vivo S1 भारतीय बाजार में लॉन्च हुआ था। हालांकि Vivo ने अभी लॉन्च डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन लीक्स के मुताबिक स्मार्टफोन 6 अगस्त को भारत में दस्तक दे सकता है।
टीजर वीडियो में फोन का रियर डिजाइन दिखाई देता है, जिसमें नया कैमरा मॉड्यूल देखने को मिलता है। वहीं डमी यूनिट्स की तस्वीरों से इसके डिस्प्ले और बॉडी डिजाइन की भी झलक मिली है। टीजर में फोन के पीछे पिल-शेप (Pill-shaped) हॉरिजॉन्टल कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसके अंदर बाईं तरफ दो बड़े गोल कैमरा रिंग्स नजर आते हैं, जबकि दाईं ओर एक अलग गोल एलिमेंट दिखाई देता है, जिसे लाइट रिंग माना जा रहा है। यह डिजाइन हाल ही में सामने आए लीक्स से काफी हद तक मेल खाता है।
Vivo S2 कब होगा लॉन्च और कब शुरू होगी सेल
कंपनी ने फिलहाल लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है। टिप्स्टर अभिषेक यादव के मुताबिक Vivo S2 को 6 अगस्त को भारत में लॉन्च किया जा सकता है। स्मार्टफोन की पहली सेल 11 अगस्त से शुरू हो सकती है। Vivo S2 भारत में दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च हो सकता है। फोन 8GB रैम + 128GB स्टोरेज और 8GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल में आ सकता है। वहीं फोन को तीन रंगों में पेश किए जाने की संभावना है। जो Regal Bronze, Sapphire Blue और Silk White हैं।
Vivo S2 कीमत (लीक)
लॉन्च से पहले Vivo S2 की कीमत को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है। टिप्स्टर अभिषेक यादव के अनुसार, कंपनी की इंटरनल रिटेल लिस्टिंग में डेमो यूनिट्स की कीमत करीब 38,000 रुपए और 42,000 रुपए दिखाई गई है। वहीं 8GB + 128GB वेरिएंट की इंटरनल लिस्टिंग में 43,000 रुपए का आंकड़ा सामने आया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि ये फाइनल लॉन्च प्राइस नहीं हैं, बल्कि केवल इंटरनल रिटेल लिस्टिंग की कीमतें हैं। ऐसे में लॉन्च के समय कीमत में बदलाव देखने को मिल सकता है।
Vivo S2 के संभावित फीचर्स
Vivo S2 में 6.67 इंच का कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दिया जा सकता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। इससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद हो सकता है। फोन MediaTek Dimensity 7400 प्रोसेसर के साथ आ सकता है। फोटोग्राफी के लिए Vivo S2 में 50MP का Sony IMX882 प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलने की उम्मीद है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है, जो इस फोन की बड़ी खासियत बन सकता है। पावर के लिए इसमें 7000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की संभावना है, जिसे 90W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है। डिजाइन की बात करें तो फोन में सेंटर पंच-होल डिस्प्ले, पॉलीकार्बोनेट फ्रेम और बैक पैनल के साथ नया पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल देखने को मिल सकता है।
