एआईसीसी पर्यवेक्षक बोले- BJP वोट चोरी से सत्ता में आई: टोंक से 10 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता जाएंगे दिल्ली, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होंगे - Tonk News

Published on 26 अक्टू॰ 2026

टोंक में वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में 1 नवंबर 2026 को दिल्ली में होने वाली वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली की तैयारियों पर चर्चा हुई। जिले से 10 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को महारैली में ले जाने का

.

बैठक में एआईसीसी सचिव और प्रदेश सह-प्रभारी पूनम पासवान, एआईसीसी पर्यवेक्षक लखन सिंगला, प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला संगठन सह-प्रभारी डॉ. सुमित गर्ग और विजेंद्र सिंह सिंधु सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा पर वोट चोरी का आरोप

मीडिया से बातचीत में पूनम पासवान ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट चोरी के माध्यम से पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी कर जीत हासिल की। उन्होंने दावा किया कि देश में करीब 13 करोड़ लोगों के नाम शिफ्टिंग और अन्य कारणों का हवाला देकर असंवैधानिक रूप से मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में संविधान और आमजन के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। युवाओं का भाजपा से मोहभंग हो चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टोंक से हजारों की संख्या में दिल्ली पहुंचकर महारैली को सफल बनाने का आह्वान किया।

गांवों में चौपाल और नुक्कड़ सभाएं करने का आह्वान

लखन सिंगला ने भाजपा पर पश्चिम बंगाल, बिहार और हरियाणा में वोट चोरी के जरिए सत्ता में आने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में SIR के नाम पर लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से मंडल स्तर पर नुक्कड़ सभाएं और गांवों में चौपाल आयोजित कर आमजन को कथित वोट चोरी के मुद्दे पर जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली महारैली संविधान की रक्षा के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

डॉ. सुमित गर्ग ने आरोप लगाया कि भाजपा और उनके मंत्री मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बचाव में पूरी ताकत से जुटे हैं। उन्होंने नगर निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा पर सत्ता का गलत उपयोग करने और तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर महारैली को सफल बनाने की अपील की।

इससे पहले पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा ने कहा कि टोंक से 10 हजार से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिल्ली महारैली में शामिल होंगे। बैठक में ब्लॉक, मंडल, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों को महारैली की तैयारियों के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

जिला सोशल मीडिया प्रभारी जर्रार खान ने बताया कि बैठक में पूर्व विधायक कमल बैरवा, विजेंद्र सिंधु, उपसभापति फरजाना सईद, देवकरण गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष इरशाद बेग, कैलाशी देवी मीणा, हंसराज फागणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मौसमी मीणा, आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष फौजु राम मीणा, जेबा खान, सेवादल अध्यक्ष अब्दुल खालिक, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष बरकात हसीन, धर्मेंद्र सालोदिया, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बजरंग लाल वर्मा, शिक्षक प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद सलीम, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष इम्तियाज खान, रामलाल सैनीवाल, सीपी श्रीवास्तव, कमलेश चावला और भारत वर्मा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।