डिंडौरी में बच्चों की जान से खिलवाड़: साइकिलों से भरे ऑटो के बाहर लटककर स्कूल पहुंचे छात्र, VIDEO वायरल| Navbharat Live

Published on 28 जुल॰ 2026

विज्ञापन

सार

Dindori News : डिंडौरी के अमरपुर क्षेत्र से वायरल वीडियो में स्कूली छात्र साइकिलों से भरे ऑटो के बाहर लटककर स्कूल जाते दिखे। बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और जांच की मांग उठी है।

Dindori School Auto Viral Video

ऑटो में भरी साइकिल और उनके ऊपर चढ़े छात्र (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Dindori School Auto Viral Video: डिंडौरी जिले से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में छात्र साइकिलों से ठसाठस भरे ऑटो के बाहर लटककर स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल परिवहन व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो अमरपुर विकासखंड के एकीकृत माध्यमिक शाला उमरिया का है। बताया जा रहा है कि कक्षा 8वीं के छात्रों को अमरपुर से करीब 17 किलोमीटर दूर स्कूल तक पहुंचाने के लिए एक ही ऑटो में बच्चों और उनकी साइकिलों को भर दिया गया। ऑटो के अंदर साइकिलों का ढेर लगा था, जबकि कई छात्र बाहर लटककर सफर करने को मजबूर थे।

हादसे का बना रहा खतरा

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बच्चों की सुरक्षा के नियमों की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर मामूली चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। इसके बावजूद कथित तौर पर यह व्यवस्था लंबे समय से संचालित होने की बात सामने आ रही है।

सम्बंधित ख़बरें

वीडियो ने खड़े किए कई सवाल

वायरल वीडियो के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या बच्चों की सुरक्षा से बड़ा कोई समझौता हो सकता है? यदि छात्रों के लिए परिवहन की व्यवस्था नहीं थी, तो वैकल्पिक इंतजाम क्यों नहीं किए गए? साथ ही जिम्मेदार विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसी लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।

ये भी पढ़ें : छिंदवाड़ा के मुआरी गांव में अवैध शराब के खिलाफ फूटा महिलाओं का गुस्सा, बोलेरो से सड़क पर फेंकी शराब की पेटियां

जवाब देने से बचते रहे अधिकारी

मामले में विद्यालय के प्राचार्य और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। वहीं कैमरे के सामने प्राचार्य और एक शिक्षक के वहां से चले जाने का वीडियो भी सामने आया है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Follow Navbharatlive whatsapp