दिल्ली कैंट में तेज रफ्तार THAR ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

Published on 3 सित॰ 2026

September 3, 2026

दिल्ली कैंट में तेज रफ्तार THAR ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

नेशनल डेस्कः दिल्ली कैंट इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने बाइक सवार महिला और पुरुष को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंजू और सुखबीर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 45 से 50 साल बताई जा रही है। दोनों नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) में काम करते थे और ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

हादसा आईओसी रेड लाइट के पास हुआ
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली कैंट इलाके में आईओसी रेड लाइट के पास यह हादसा हुआ। दिल्ली कैंट थाने के एक कर्मचारी ने सड़क पर दुर्घटना देखी और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही दिल्ली कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक बाइक पर दो लोग घायल हालत में मिले। बताया गया कि बाइक फिसल गई थी और इसी दौरान पीछे से आ रही महिंद्रा थार ने बाइक को टक्कर मार दी।

दिल्ली: दिल्ली कैंट इलाके में देर शाम तेज रफ्तार थार ने स्प्लेंडर बाइक सवार महिला और पुरुष को टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने थार चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी चालक का नाम भूपेंद्र बताया जा रहा है।… pic.twitter.com/EndNl89n3A

— IANS Hindi (@IANSKhabar) September 3, 2026

अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित किया
हादसे के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले अंजू और सुखबीर दोनों NDMC के लोधी रोड स्थित ऑफिस में काम करते थे। दोनों ड्यूटी खत्म होने के बाद सेक्टर-1, द्वारका स्थित अपने घर लौट रहे थे। यह भी साफ किया गया है कि अंजू और सुखबीर पति-पत्नी नहीं थे।

लोगों ने थार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने थार के चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने चालक की पहचान भूपेंद्र (26) के रूप में की है। वह हरियाणा के झज्जर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र रोहिणी में एक मिल्क बूथ चलाता है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस तरह हुआ और उस समय थार की रफ्तार कितनी थी। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दिल्ली कैंट थाने में इस मामले में एफआईआर नंबर 505/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 281 और 106(a) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने थार चालक भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और हादसे की पूरी वजह का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।