Sharat Saxena: 76 की उम्र में 6 घंटे चली शरत सक्सेना की स्पाइन सर्जरी, बोले- अब छड़ी की जरूरत नहीं, कल से जिम शुरू - Haribhoomi

Published on 11 सित॰ 2026

76 साल के अभिनेता शरत सक्सेना की कमर की हड्डी की सर्जरी करीब छह घंटे चली। ऑपरेशन के बाद उन्होंने तस्वीरें शेयर कर अपनी सेहत का अपडेट दिया।

Sharat Saxena

Sharat Saxena

  • Published: 11 Sep 2026, 04:33 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 04:34 PM IST

Sharat Saxena: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शरत सक्सेना ने 76 साल की उम्र में अपनी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी कराई है। उनकी लम्बर स्पाइन सर्जरी करीब छह घंटे तक चली। सर्जरी के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कर अपनी सेहत का हाल बताया है।

सर्जरी के बाद भी चेहरे पर मुस्कान
शरत सक्सेना ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल से लेकर घर लौटने तक की कई तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में वह अस्पताल के बिस्तर पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। बड़ी सर्जरी के बाद भी उनके चेहरे पर मुस्कान दिख रही है। उन्होंने तस्वीरों के साथ लिखा, “छह घंटे की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी पूरी हो गई। एक अच्छे इंसान को कोई रोक नहीं सकता।” तस्वीरों में उनके परिवार और दोस्त भी उनके साथ नजर आ रहे हैं। सर्जरी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है और अब वह घर पर आराम कर रहे हैं।

बोले- आज पार्टी, कल जिम
शरत ने अपनी पोस्ट में अपनी रिकवरी को लेकर भी मजेदार अंदाज दिखाया। एक तस्वीर में वह हाथ में गिलास लिए नजर आए। इस पर उन्होंने लिखा, “आज पार्टी, कल जिम।” एक दूसरी तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “अब और सूप नहीं।” वहीं, एक अन्य तस्वीर में उनका संदेश था कि अब उन्हें चलने वाली छड़ी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
76 साल की उम्र में भी उनका यह उत्साह फैंस का ध्यान खींच रहा है।

सर्जरी से पहले कराया था MRI

सर्जरी से पहले शरत सक्सेना ने सोशल मीडिया पर अपनी मेडिकल जांच की तस्वीरें भी शेयर की थीं। इनमें वह बॉम्बे हॉस्पिटल में लम्बर स्पाइन की जांच के लिए एमआरआई करवाते नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने कमर की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी कराई, जो करीब छह घंटे तक चली।

250 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
शरत सक्सेना का फिल्मी करियर पांच दशक से भी ज्यादा लंबा रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘बेनाम’ से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं की फिल्मों में काम किया। अभिनेता अब तक 250 से ज्यादा फिल्मों में नजर आ चुके हैं। उन्हें ‘मिस्टर इंडिया’, ‘त्रिदेव’, ‘घायल’, ‘खिलाड़ी’, ‘गुप्त’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘बागबान’, ‘फना’, ‘कृष’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों के लिए खास तौर पर याद किया जाता है।

यह भी पढ़े- अशनीर ग्रोवर की छुट्टी, रिएलिटी शो में जलवा बिखेरेंगे वीरेंद्र सहवाग! 'राइज़ एंड फॉल' करेंगे होस्ट