'दुनिया के नक्शे से हटा सकते हैं पाकिस्तान का नाम', SCO की तस्वीर से पीएम मोदी को हटाने पर पाक PMO को मिली चेतावनी - pakistan pmo crops pm narendra modi out of sco pic gets warned can remove pak from world picture

Published on 2 सित॰ 2026

एससीओ शिखर सम्मेलन की तस्वीर से प्रधानमंत्री मोदी को हटाने पर पाकिस्तान पीएमओ की भारत में कड़ी आलोचना हुई है।

पाक पीएमओ की बचकाना हरकत पर उड़ रहा पूरे पाकिस्तान का मजाक।

पाक पीएमओ की बचकाना हरकत पर उड़ रहा पूरे पाकिस्तान का मजाक।

HighLights

  1. पाकिस्तान पीएमओ ने एससीओ तस्वीर से पीएम मोदी को हटाया।

  2. एकनाथ शिंदे बोले, पीएम मोदी पाकिस्तान को मिटा सकते हैं।

  3. एमजे अकबर ने पाकिस्तान की हरकत को बचकाना बताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एससीओ ग्रुप की तस्वीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने को लेकर पाकिस्तान पीएमओ की जमकर आलोचना हो रही है और भारत में तीखी प्रतिक्रियाएं मिली हैं। मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अगर पीएम मोदी चाहें तो पाकिस्तान का विश्व के नक्शे पर नामोनिशान नहीं रहेगा।

किर्गिस्तान के बिश्केक में एससीओ समिट के दौरान विश्व नेताओं की जो तस्वीर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स हैंडल से मंगलवार को पोस्ट की गई उसको दोनों तरफ से क्रॉप किया गया था, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और कई अन्य नेता हटा दिए गए। हालांकि, पाकिस्तान पीएमओ की पोस्ट के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने वह असली तस्वीर पोस्ट की जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी नेता मौजूद थे।

'पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से हटा सकते हैं पीएम मोदी'

पाकिस्तान पीएमओ की से शेयर की गई तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "पाकिस्तान ने जो किया है वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पाकिस्तान ने हमेशा ऐसी हरकतें की हैं। हालांकि, मैं यह कहूंगा कि भले ही उन्होंने मोदी जी की तस्वीर हटा दी हो, लेकिन अगर मोदी जी चाहें तो वे पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से हटा सकते हैं।"

शिंदे ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया और कहा कि पाकिस्तान को भारत के साथ इस तरह के खेल खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं यह भी कहूंगा कि तस्वीर हटाने जैसा काम 140 करोड़ भारतीयों के दिलों से प्रधानमंत्री मोदी को नहीं मिटा सकता। असल में प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक बने हुए हैं।"

एमजे अकबर ने भी किया पाकिस्तान पर हमला

पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम.जे. अकबर ने भी पाकिस्तान की इस बचकानी हरकत की आलोचना करते हुए इसे एक ऐसी कोशिश बताया, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश को मजाक का पात्र बना दिया है।

अकबर ने कहा, "इसी तरह पाकिस्तान हर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में मजाक का पात्र बन जाता है। तस्वीर को सेंसर करना घमंड की हद है, क्योंकि आपको इसे ध्यान से देखना होगा। न सिर्फ हमारे पीएम मोदी को तस्वीर से ऐसे हटा दिया गया जैसे वे वहां थे ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के पीएम को तस्वीर के बीच में रखा गया और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को किनारे कर दिया गया।"

उन्होंने इस कदम को बहुत गहरी हीन भावना का सबूत बताया और कहा, "इस तरह का बहुत ज्यादा दिखावा असल में बहुत गहरी हीन भावना का सबूत है, जिसे पाकिस्तान बार-बार दिखाता है और असल में यह बहुत तेजी से बेहद बेतुके व्यवहार और आतंकवाद में बदल जाता है।"