
फोन चार्जिंग को लेकर इन गलतफहमियों में न रहें, ये बातें जानना है बेहद जरूरी
स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले ज्यादातर लोगों के मन में बैटरी चार्जिंग को लेकर कई तरह के सवाल रहते हैं. सबसे आम सवाल यही होता है कि क्या फोन को पूरी रात चार्जिंग पर छोड़ना सुरक्षित है? क्या इससे बैटरी खराब हो सकती है या फोन में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है? इन सवालों को लेकर अक्सर अलग-अलग राय सुनने को मिलती है, लेकिन सच्चाई कुछ और है.
एडवांस बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम
आज के समय में लगभग सभी नए Android और iPhone स्मार्टफोन्स एडवांस बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम के साथ आते हैं. इनमें ऐसे स्मार्ट सर्किट लगे होते हैं जो बैटरी के 100 प्रतिशत चार्ज होते ही बिजली की सप्लाई को कंट्रोल कर देते हैं. यानी बैटरी पूरी भर जाने के बाद लगातार ओवरचार्ज नहीं होती. इसलिए सामान्य परिस्थितियों में रातभर चार्जिंग पर छोड़ने से बैटरी फटने या ओवरलोड होने का खतरा नहीं होता.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि यह आदत पूरी तरह सही है. जब फोन 100 प्रतिशत चार्ज होने के बाद इस्तेमाल या बैकग्राउंड प्रोसेस की वजह से 99 प्रतिशत पर आता है, तो वह दोबारा चार्ज होना शुरू कर देता है. यह प्रक्रिया रातभर कई बार दोहराई जा सकती है. लगातार होने वाले इन छोटे-छोटे चार्जिंग साइकल्स से बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और लंबे समय में उसकी क्षमता धीरे-धीरे कम हो सकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
फोन की सुरक्षा के लिए चार्जिंग के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है. चार्जिंग के समय फोन को तकिए, कंबल या किसी ऐसी जगह पर न रखें जहां गर्मी बाहर न निकल सके. इसके अलावा फोन के ऊपर कोई भारी वस्तु भी नहीं रखनी चाहिए, क्योंकि इससे डिवाइस का तापमान बढ़ सकता है.
फोन की परफॉर्मेंस भी बेहतर बनी रहती है
अगर संभव हो तो फोन को सोने से पहले चार्ज करें और पर्याप्त चार्ज होने के बाद चार्जर से हटा दें. जिन लोगों को रातभर चार्ज करना पड़ता है, वे स्मार्ट प्लग या टाइमर वाले चार्जिंग डिवाइस का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे तय समय के बाद बिजली की सप्लाई अपने आप बंद हो जाए.
कुल मिलाकर, आधुनिक स्मार्टफोन ओवरचार्जिंग से सुरक्षित होते हैं, लेकिन बेहतर बैटरी लाइफ के लिए अनावश्यक रूप से पूरी रात चार्जिंग पर छोड़ने की आदत से बचना ही समझदारी है. नियमित और सही तरीके से चार्जिंग करने पर बैटरी की उम्र भी लंबी रहती है और फोन की परफॉर्मेंस भी बेहतर बनी रहती है.
यह भी पढ़ें- फोन बेचने से पहले सिर्फ Reset करना काफी नहीं! डेटा सेफ रखने के लिए करें ये जरूरी काम
iPhone इस्तेमाल करते हैं तो जरूर पढ़ें! iCloud+ और Apple One में से कौन-सा सब्सक्रिप्शन है फायदे का सौदा

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More