
अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी Image Credit source: TV9
बिहार में JDU ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के खिलाफ एक फिर सख्त कदम उठाया है. मोकामा की पूर्व विधायक नीलम देवी को पटना में अपना सरकारी आवास खाली करना होगा. इस संबंध में बिहार सरकार ने एक नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्हें पटना के मॉल रोड पर स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए कहा गया है. राज्य-स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति’ से उनकी सदस्यता खत्म होने के बाद, उन्हें 25 नवंबर 2026 तक यह जगह खाली करने का निर्देश दिया गया है.
भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, नीलम देवी को ‘राज्य-स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति’ की सदस्य के रूप में 19 मई, 2026 को सरकारी आवास आवंटित किया गया था. इस पद का दर्जा उप-मंत्री के बराबर था. हालांकि, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की 26 अक्टूबर, 2026 की एक अधिसूचना (संख्या 578) के माध्यम से, समिति की सदस्य के रूप में उनका नामांकन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है.
एक महीने में खाली करना होगा सरकारी आवास
कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकारी आवास खाली करने के लिए एक महीने की अवधि विभाग ने पत्र में उल्लेख किया है कि ‘आवास आवंटन (पटना सेंट्रल पूल) नियम, 1986’ के नियम 11(2) के तहत, कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकारी आवास में रहने की अनुमति केवल एक महीने तक ही होती है. यह अवधि 25 नवंबर, 2026 को समाप्त हो रही है.

इसे देखते हुए, संयुक्त सचिव सह संपदा अधिकारी ने नीलम देवी से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथि तक सरकारी आवास खाली कर दें.
पार्टी के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
इससे पहले जेडीयू ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी, पूर्व विधायक नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है. यह कार्रवाई इस दंपति के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के चलते की गई है. अनंत सिंह की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी गई है.
जेडीयू की बिहार इकाई के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अनंत सिंह ने पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं किया. उन पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और विपक्षी दल के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करने का भी आरोप है.
जन सुराज उम्मीदवार का किया था समर्थन
हाल ही में हुए बिहार विधान परिषद चुनावों में, अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था. उन्होंने अनुज सिंह के लिए प्रचार किया और जेडीयू के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार की हार की इच्छा जताई. पार्टी ने इन हरकतों को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना, जिसके बाद अनंत सिंह को पार्टी से निकालने का फैसला लिया गया.

रूपेश कुमार
लेखक TV9 भारतवर्ष में बिहार और झारखंड के ब्यूरो हेड हैं. इसके पहले वर्षों तक न्यूज़18 में काम किया है. लगभग तीन दशक से टीवी पत्रकारिता में फील्ड, डेस्क और वर्षों तक एंकरिंग भी करते रहे हैं.
Read More