
रामायण से होगा मोहरा का क्लैश
Mohra Vs Ramayana: हर साल दिवाली के मौके पर बॉक्स ऑफिस गुलजार रहता है. पर इस बार मामला थोड़ा अलग है. दरअसल इस दिवाली के मौके पर नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भारत की सबसे महंगी फिल्म ‘रामायण’ का पार्ट 1 रिलीज़ होने जा रहा है. यही वजह है कि कोई भी बड़ा स्टार इस दिवाली पर अपनी फिल्म नहीं ला रहा है. भले ही कोई नई फिल्म ‘रामायण’ से टक्कर न ले रही हो, लेकिन साल 1994 में आई अक्षय कुमार स्टारर ‘मोहरा’, ‘रामायण’ से क्लैश के लिए पूरी तरह से तैयार है.
‘मोहरा’ को बनाने वाला प्रोडक्शन हाउस त्रिमूर्ति फिल्म्स ने बीते रोज़ अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया और इस बात को कंफर्म किया कि इस फिल्म को री-रिलीज़ किया जा रहा है. रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की ‘रामायण‘ 5 नवंबर को रिलीज़ हो रही है. इसके एक दिन बाद यानी 6 नवंबर को मेकर्स ने ‘मोहरा’ को दोबारा पर्दे पर लाने का फैसला किया है. यानी साफ है कि बॉक्स ऑफिस पर इस दिवाली ‘रामायण’ को टक्कर देने के लिए ‘मोहरा’ आ रही है.
4K फॉर्मेट में रिलीज होगी मोहरा
‘मोहरा’ को दीपिंदर सिंह का रिंपी फिल्म्स इंटरनेशनल री रिलीज़ कर रहा है. फिल्म साधाराण फॉर्मेट में नहीं बल्कि रीमास्टर्ड किए गए 4K फॉर्मेट में रिलीज़ होगी. ‘मोहरा’ में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, नसीरुद्दीन शाह और रवीना टंडन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नज़र आए हैं. ये रोमांटिक एक्शन फिल्म का निर्देशन राजीव राय ने किया था और ये पहली बार 1 जुलाई 1994 को बड़े पर्दे पर आई थी. फिल्म दो घंटे 57 मिनट लंबी है. इसे गुलशन राय ने प्रोड्यूस किया था. विजू शाह और आनंद बख्शी ने इस फिल्म में संगीत दिया था.
कंपनी ने एक पोस्ट में बताया है कि उत्तर प्रदेश में आगरा के हीरा टॉकीज़ में ‘मोहरा’ के चार शोज़ चलाए जाएंगे. इसका मतलब ये हुआ कि इस सिंगल स्क्रीन थिएटर में ‘रामायण’ नहीं रिलीज़ होगी. इसके अलावा भी कई और जगह इसे रिलीज़ करने की तैयारी की जा रही है.
इन फिल्मों के भी री-रिलीज की प्लानिंग
मोहरा के अलावा रिंपी फिल्म्स इंटरनेशनल 80 और 90 के दशक की कई और फिल्मों को भी री-रिलीज़ करने की तैयारी में है. इनमें विधाता (1982), त्रिदेव (1989), गुप्त (1994) और युद्ध (1985) जैसी कई फिल्में शामिल हैं.

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.
Read More