बातचीत और कूटनीति ही संघर्षों का हल-मोदी
नरेंद्र मोदी और व्लादीमीर पुतिन में हुई जोरदार मुलाकात और बात
नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता
स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 11 September 2026 06:56:41 PM
![]()
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन में आज जोरदार मुलाकात और बात हुई। नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता के अवसर पर इस साल में दोनों की यह दूसरी बैठक थी। दोनों नेता इससे पहले 31 अगस्त 2026 को बिश्केक में 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में मिले थे। आज दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल और जन-जन केबीच संबंधों को लेकर द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की। भारत ने रूस की अंतर्राष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी ‘इनोप्रोम इंडिया’ का स्वागत किया, जो भारत में पहली बार 9-11 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई और व्यापार और औद्योगिक संबंधों को और ज्यादा विस्तारित करने के महत्व पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन की इस मुलाकात और बात पर अमेरिका सहित पूरी दुनिया की नज़र है। अमेरिका ईरान युद्ध, रूस युक्रेन युद्ध, इस्र्राइल गाज़ा संघर्ष, भारत पाकिस्तान और बांग्लादेश में तनाव से मिडिल ईस्ट में भारी उथल-पुथल और युद्ध के वातावरण के दरम्यान भारत में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का बहुत महत्व माना जा रहा है। मोदी और पुतिन ने 2026 केलिए भारत की अध्यक्षता में बहुपक्षीय क्षेत्र, विशेष रूपसे ब्रिक्स में भारत-रूस जुड़ाव पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में संघर्षों सहित आपसी हित के प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दृष्टिकोण साझा किए, जिसने समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को प्रभावित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकबार फिर दोहराया कि बातचीत और कूटनीति ही संघर्षों को हल करने में आगे बढ़ने का रास्ता है और भारत शांति प्रयासों में सहायता के लिए तैयार है।
मोदी और पुतिन ने विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और ज्यादा मजबूत करने के प्रयास में लगे रहने पर सहमति व्यक्त की, जो भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण विकास दर्ज कर रही है और अनुकूलन दिखाया है। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन केलिए रूस आने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। शिखर सम्मेलन की तारीखें आपसी सुविधा के अनुसार राजनयिक चैनलों के माध्यम से तय की जाएंगी। मोदी और पुतिन ने इनोप्रोम इंडिया प्रदर्शनी का भी दौरा किया और प्रतिभागियों से बातचीत की।