गड्ढे में फंसी एंबुलेंस, तड़पती रही गर्भवती, ट्रैक्टर भी पड़ा नाकाम, अस्पताल पहुंचने से पहले ही नवजात की मौत
Published: Wednesday, September 9, 2026, 9:51 [IST]
Agra Ambulance Death: उत्तर प्रदेश के आगरा में सड़क की बदहाली ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बाह क्षेत्र के गढ़वार गांव में प्रसव पीड़ा के बाद महिला को अस्पताल ले जा रही सरकारी एंबुलेंस बारिश से खराब हुई सड़क पर गड्ढे में फंस गई। आरोप है कि एंबुलेंस करीब दो घंटे तक वहीं फंसी रही। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने के बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मामले में उप जिला मजिस्ट्रेट ने लोक निर्माण विभाग से रिपोर्ट मांगी है।
प्रसव पीड़ा के बाद बुलाई गई एंबुलेंस
घटना कथित तौर पर दो सितंबर को आगरा के बाह क्षेत्र के गढ़वार गांव में हुई। प्रदीप सिंह की पत्नी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद परिवार ने सरकारी एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस महिला को अस्पताल लेकर रवाना हुई, लेकिन गांव से निकलते समय बारिश से खराब हुई सड़क पर फंस गई। परिवार के मुताबिक, सड़क पर बने गड्ढे में एंबुलेंस का पहिया फंस गया और उसे आगे ले जाना मुश्किल हो गया।
करीब दो घंटे तक गड्ढे में फंसी रही एंबुलेंस
परिवार की शिकायत के अनुसार, एंबुलेंस को गड्ढे से निकालने के लिए आसपास के ग्रामीणों ने काफी कोशिश की। लोगों ने एंबुलेंस को ट्रैक्टर से बांधकर बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक एंबुलेंस सड़क पर फंसी रही। इस दौरान प्रसव पीड़ित महिला को अस्पताल पहुंचाने में लगातार देरी होती रही। आखिरकार किसी तरह एंबुलेंस को बाहर निकाला गया और महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक नवजात की हालत गंभीर हो चुकी थी।
ये भी पढे़ं: Nikitha Godishala कौन थी? Ex-BF Arjun ने क्यों चाकू से गोदकर हत्या की? 8 माह तक पुलिस को छकाया-आगरा से अरेस्ट
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी नवजात की हालत
काफी मशक्कत के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन परिवार का आरोप है कि एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंच पाने और रास्ते में फंसने की वजह से इलाज में देरी हुई। अस्पताल पहुंचने के बाद नवजात बच्ची की सांसें थम गईं। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अधिकारियों से शिकायत कर सड़क की स्थिति और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
नवजात की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भी गुस्सा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश के बाद सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आम लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क के निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत होती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।
ये भी पढे़ं: कौन हैं बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह? UP चुनाव में कर सकती हैं एंट्री, पति का बैकग्राउंड भी जान लीजिए
SDM ने PWD से मांगी रिपोर्ट
मामले को लेकर उप जिला मजिस्ट्रेट विनोद कुमार ने बताया कि पांच सितंबर को तहसील दिवस के दौरान इस संबंध में शिकायत मिली थी। शिकायत को लोक निर्माण विभाग यानी PWD को भेज दिया गया है। विभाग से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीएम के मुताबिक, रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने सड़क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।