जन्माष्टमी पर घर में लड्डू गोपाल की स्थापना कैसे करें? जानिए

Published on 2 सित॰ 2026

Laddu Gopal Idol Niyam: जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण के भक्त अपने घर में उनके बाल स्वरूप को स्थापित कर पूजा-अर्चना करते हैं. जन्माष्टमी इस साल 4 सितंबर को मनाई जाएगी. मान्यता है कि इस दिन घर में विधि-विधान से लड्डू गोपाल की स्थापना कर उनकी पूजा करने से जीवन समृद्ध और खुशहाल रहता है. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि जन्माष्टमी के दिन घर में लड्डू गोपाल की स्थापना कैसे की जाती है? इसके लिए सही विधि क्या है?

किस दिशा में स्थापित करें मूर्ति?

वास्तु शास्त्र के नियम के अनुसार, जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल की मूर्ति को पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) में स्थापित करना शुभ माना जाता है. पूजन करने वाले व्यक्ति का मुंह पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए.

साफ-सफाई का रखें ध्यान

जन्माष्टमी के दिन घर में जिस स्थान पर लड्डू गोपाल की मूर्ति स्थापित करनी हो, वहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें. धर्मशास्त्र के मुताबिक, साफ-सुथरी और पवित्र जगह पर भगवान का वास होता है.

ये भी पढ़ें: Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर 4 दुर्लभ संयोग, वृषभ सहित 5 राशि के जातकों को होगा बड़ा धन लाभ

कैसे कराएं लड्डू गोपाल का पंचामृत अभिषेक?

जन्माष्टमी के दिन भगवान की पूजा के दौरान उनका पंचामृत अभिषेक कराने का विधान है. इसके लिए जन्माष्टमी पर निशीथ काल के मुहूर्त में लड्डू गोपाल को दूध, दही, घी, शक्कर और जल से तैयार किए गए पंचामृत से अभिषेक करें. अभिषेक के बाद लड्डू गोपाल को गंगाजल से स्नान कराना चाहिए. गंगाजल से स्नान कराने के लिए दक्षिणावर्ती शंख का इस्तेमाल करना शुभ माना गया है.

कान्हा का श्रृंगार कैसे करें?

अभिषेक और स्नान के बाद लड्डू गोपाल को पीले रंग के नए वस्त्र पहनाने चाहिए. इसके बाद उन्हें मोरपंख, बांसुरी, कमरबंद, कंगन और वैजयंती माला पहनाएं. माथे पर चंदन, केसर और अक्षत का तिलक लगाएं.

कैसे करें लड्डू गोपाल की स्थापना और पूजा?

धर्मशास्त्र के जानकार पं. मणिभूषण झा बताते हैं कि जन्माष्टमी पर घर में लड्डू गोपाल की स्थापना के लिए सबसे पहले उनका अभिषेक करें. इसके बाद उन्हें वस्त्र और आभूषण पहनाएं. इसके साथ ही निशीथ काल यानी मध्यरात्रि के समय शुभ मुहूर्त में लड्डू गोपाल को सिंहासन या झूले पर श्रद्धापूर्वक झुलाना चाहिए. इतना करने के बाद कान्हा जी को धूप और आरती दिखाएं. फिर लड्डू गोपाल को झूला झुलाएं और लोरी गाकर सुलाएं.

ये भी पढ़ें: Janmashtami 2026: माखन-मिश्री के अलावा ये 4 चीजें कान्हा को हैं बेहद प्रिय, तुरंत नोट करें लिस्ट

किन चीजों का लगाएं लड्डू गोपाल को भोग?

जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल को माखन और मिश्री का भोग जरूर लगाना चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें ये चीजें बेहद प्रिय मानी जाती हैं. इसके अलावा कान्हा के भोग में तुलसी का पत्ता जरूर रखें.