दिल्ली में झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम! जानिए यूपी, बिहार और एमपी में कैसा रहेगा वेदर का मिजाज?

Published on 22 अग॰ 2026

दिल्ली में झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम! जानिए यूपी, बिहार और एमपी में कैसा रहेगा वेदर का मिजाज?

Time Published: Saturday, August 22, 2026, 8:02 [IST]

IMD Weather Forecast: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। 22 अगस्त को दिल्ली में हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई और मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में यह बारिश आफत बन सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम और मध्य भारत में सक्रिय निम्न दबाव के कारण, मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं यूपी, बिहार और एमपी सहित देश के अन्य राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है।

IMD Weather Forecast

दिल्ली-NCR से यूपी तक बारिश का अलर्ट

22 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR समेत इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 24 अगस्त के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में 27 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ाई गई है।

ये भी पढे़ं: दिल्ली में निर्माण बैन, AI कैमरों से मॉनिटरिंग! प्रदूषण रोकने के लिए क्या है सीएम रेखा गुप्ता का 'प्लान 42'?

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर

मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ पर मौसम का खासा असर देखने को मिलेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 23 से 26 अगस्त तक भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 अगस्त तक व्यापक बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 27 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

ओडिशा-बिहार और झारखंड में मानसून मजबूत

पूर्वी भारत में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। ओडिशा और झारखंड में 22 से 27 अगस्त के बीच कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है, जबकि बिहार में 22 से 24 अगस्त के दौरान बारिश जारी रह सकती है। ओडिशा में 22 और 23 अगस्त को भारी बारिश तथा 24 से 27 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 22 से 25 अगस्त और झारखंड में 23 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 27 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश में 23 से 27 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है। राज्य में 26 और 27 अगस्त को व्यापक बारिश होने का अनुमान है। असम और मेघालय में 27 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 24 अगस्त तक भारी बारिश के आसार हैं। 23 अगस्त तथा 25 से 27 अगस्त के दौरान इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

ये भी पढे़ं: H1N1 Cases in Delhi-NCR: स्वाइन फ्लू से बचने के लिए क्या करें और क्या नहीं? जानें डॉक्टरों की सलाह

दक्षिण भारत में सीमित बारिश, तटीय इलाकों में सक्रियता

दक्षिण भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है। हालांकि, तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 27 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 23 से 25 अगस्त तथा तटीय कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 23-24 अगस्त को भारी बारिश के आसार हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 अगस्त तक गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 24-25 अगस्त को यहां भारी बारिश भी हो सकती है।