सरायकेला में चोरी : नकदी व सोने के गहने लेकर चोर फरार

Published on 21 अग॰ 2026

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र  के हंसाडूंगरी झोपड़ी बस्ती में अज्ञात अपराधियों ने एक बंद मकान में घुसकर हाथ साफ कर दिया. बताया जा रहा है कि दरवाजे का ताला तोड़ा कर चोर घर के भीतर घुस गए और हजारों रुपये नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना के वक्त पीड़ित परिवार के सदस्य अपने रोज मरा के काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे.

सरायकेला की खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

JSSC-CGL :  HC से स्टे मिलते ही झूमे अभ्यर्थी, गाया राष्ट्रगान, जमीन चूमकर मनाया जश्न
JSSC-CGL :  प्रोजेक्ट भवन के सामने अभ्यर्थियों का चौथे दिन भी प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी

काम से लौटे तो टूटा मिला मुख्य दरवाजा


पीड़ित परिजनों के अनुसार, वे दिनभर अपने काम पर थे. शाम को जब वे वापस घर लौटे तो गेट का ताला टूटा हुआ देखा. घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था. अलमारियों और बक्सों के ताले टूटे मिले, जिन्हें चोरों ने कीमती सामान की तलाश में पूरी तरह खंगाल डाला था.

करीब 70 हजार रुपये के नुकसान की आशंका


शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरों ने एक कमरे से लगभग 1,500 रुपये और दूसरे कमरे से करीब 15,000 रुपये नकद पर हाथ साफ किया है. इसके अलावा अलमारी में रखे सोने के कान की बालियां भी गायब हैं. पीड़ित परिवार का अनुमान है कि इस वारदात में लगभग 60 से 70 हजार रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी हुई है. हालांकि, परिजनों का कहना है कि पूरे सामान का मिलान करने के बाद ही कुल नुकसान का सही आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा.

पिछले रास्ते से दाखिल हुए थे चोर


प्राथमिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि अपराधी मकान के पिछले हिस्से से दाखिल हुए थे. घर में कीमती सामान ढूंढने के बाद वे उसी रास्ते से आसानी से चंपत हो गए. घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है और उन्होंने इलाके में दिन के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

सबूत जुटाने में जुटी कपाली पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही कपाली थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इस चोरी को किसी स्थानीय गिरोह ने अंजाम दिया है या इसमें कोई अकेला अपराधी शामिल था. फिलहाल पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.