22 और 25 जुलाई को हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने चार थानों में 24 एफआईआर दर्ज की हैं। 258 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि 285 नामजद और करीब 6 हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
पटना में हुए बवाल पर पुलिस का बड़ा एक्शन
- Published: 27 Jul 2026, 08:55 AM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 08:55 AM IST
Patna Protest News: पटना में हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में अब तक 24 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई गांधी मैदान थाना क्षेत्र में हुई, जहां 138 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने 49 आरोपितों को हिरासत में लिया। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई जारी है। संवेदनशीलता को देखते हुए हिरासत में ली गई 30 छात्राओं को बाद में निजी बांड भरवाकर रिहा कर दिया गया।
285 नामजद और 6 हजार अज्ञात पर केस
पुलिस ने दर्ज एफआईआर में 285 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा करीब 6 हजार अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अज्ञात लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
हिंसा में 43 पुलिसकर्मी और 300 से अधिक छात्र घायल
प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों और लाठीचार्ज में 43 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
दूसरी ओर, प्रदर्शन में शामिल 300 से अधिक छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें लगभग 60 छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। कई छात्रों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें दर्ज की गई हैं।
सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान
प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस और आम लोगों के 11 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
एसएसपी ने क्या कहा?
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इन प्रमुख लोगों की हुई गिरफ्तारी
कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख लोगों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें शामिल हैं:
- तेज प्रताप यादव (जनशक्ति जनता दल के संस्थापक)
- संदीप सौरभ (पालीगंज विधायक, भाकपा माले)
- शांतनु शेखर (पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष)
- धनंजय (आइसा प्रदेश अध्यक्ष)
- दीपांकर मिश्रा (आइसा महासचिव)
- दिव्यम (राज्य सचिव)
- आफरिन (आइसा नेत्री)
- मनीष यादव (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष)
- आनंद कुमार यादव (पालीगंज मुखिया संघ अध्यक्ष)