Katni News: जमीन धोखाधड़ी केस में CSP नेहा पच्चीसिया पर FIR, ऑफिस सील; CM मोहन यादव ने दिए निलंबन के निर्देश - Haribhoomi

Published on 21 अग॰ 2026

Katni में जमीन धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों पर FIR हुई है। पुलिस ने CSP कार्यालय सील किया, CM मोहन यादव ने निलंबन के निर्देश दिए।

CSP Neha Pachisia

जमीन धोखाधड़ी केस में CSP नेहा पच्चीसिया पर एक्शन, CM मोहन यादव ने दिए निलंबन के निर्देश।

  • Published: 21 Aug 2026, 01:46 PM IST
  • Last Updated: 21 Aug 2026, 01:46 PM IST

Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी में जमीन की खरीद से जुड़े कथित धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले ने पुलिस विभाग में हलचल बढ़ा दी है। कुठला थाना में CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने उनके कार्यालय और स्टाफ कक्ष को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इसका संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को CSP को निलंबित करने के निर्देश देने के साथ पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने को कहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्यालय में मामले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद होने की आशंका है। ऐसे में कार्यालय को सील किए जाने के बाद वहां रखे दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा सकती है।

FIR के बाद पुलिस ने सील किया CSP ऑफिस
मामला दर्ज होने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस टीम CSP कार्यालय पहुंची। टीम ने CSP के कार्यालय के साथ स्टाफ रूम को भी सील कर दिया। माना जा रहा है कि जांच के दौरान कार्यालय में रखे दस्तावेज और रिकॉर्ड महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकते हैं।

मामले को लेकर पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

करोड़ों की जमीन 18 लाख में खरीदने का आरोप
CSP नेहा पच्चीसिया पर आरोप है कि उन्होंने करोड़ों रुपये कीमत की जमीन को कथित तौर पर 18 लाख रुपये में खरीदा। इसके अलावा कुठला थाना क्षेत्र में सामने आए एक हत्या के मामले में आपराधिक षड्यंत्र रचने समेत अन्य आरोप भी मामले में लगाए गए हैं।

जांच के बाद गुरुवार को कुठला थाना में FIR दर्ज की गई। CSP के अलावा मारूफ अहमद और क्षितिज राज को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।

गिरफ्तारी नहीं, आरोपी बताए जा रहे भूमिगत
मामले में शुक्रवार रात तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। जानकारी के मुताबिक CSP और अन्य आरोपी फिलहाल सामने नहीं आए हैं। CSP के सरकारी बंगले में फिलहाल केवल स्टाफ मौजूद है।

अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की चर्चा
मामले के बाद रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह, एसआई सौरभ सोनी, CSP के रीडर, गनमैन और चालक को निलंबित किए जाने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मामले में FIR दर्ज होने, CSP कार्यालय सील किए जाने और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब जांच की दिशा पर सबकी नजर है। पुलिस की जांच और सामने आने वाले दस्तावेजों के आधार पर ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।