Kal Ka Mausam: मॉनसून देश में एक बार फिर से एक्टिव हो गया है. मौसम विभाग ने 12 सितंबर 2026 के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के 24 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में किसानों, यात्रियों और खुले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
24 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
12 सितंबर को जिन राज्यों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है, उनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, असम, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम शामिल हैं. कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है.
मौसम में इस बदलाव के पीछे उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और उत्तरी हरियाणा से लेकर उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ जैसी मौसमी प्रणालियां बताई गई हैं. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है.
दिल्ली में कैसा रहेगा कल का मौसम
राजधानी दिल्ली में 12 सितंबर को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली में पहले से बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है, इसलिए लोगों को मौसम को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जा रही है.
यूपी और बिहार में कैसा रहेगा कल का मौसम
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन इलाकों में हवाओं की गति करीब 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, चंपारण, रोहतास, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. यहां तेज हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में कैसा रहेगा कल का मौसम
झारखंड के रांची, गुमला, सिमडेगा, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवा की गति करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
उत्तराखंड और हिमाचल में कैसा रहेगा कल का मौसम
उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश और आंधी का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और कांगड़ा में भी खराब मौसम की चेतावनी दी गई है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा कल का मौसम
राजस्थान के चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट है और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, छत्तीसगढ़ में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और महासमुंद समेत कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की चेतावनी है.
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कैसा रहेगा कल का मौसम
पश्चिम बंगाल में 12 और 13 सितंबर को कोलकाता, मेदिनीपुर, दार्जिलिंग, हावड़ा, नादिया, अलीपुरद्वार और अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. हवा की गति 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
ओडिशा के सुंदरगढ़, भद्रक, मयूरभंज, भुवनेश्वर, पुरी, क्योंझर और बालासोर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है. यहां करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के इस अलर्ट को देखते हुए लोगों को आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी जाती है. किसानों को भी स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की जरूरत है.