नारनौल में वनकर्मियों पर JCB चढ़ाने की कोशिश: अवैध खनन पर रोक लगाने पहुंची थी टीम, जान बचाकर भागे कर्मचारी; बाइक क्षतिग्रस्त - Narnaul News

Published on 21 अग॰ 2026

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल के निजामपुर क्षेत्र स्थित गांव बायल की पहाड़ियों में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर जेसीबी ड्राइवर द्वारा वाहन चढ़ाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में वन कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई, जब

.

सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं यह घटना रास्ते में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है।

बायल की पहाड़ियों की घटना

जानकारी के अनुसार, वन विभाग के कर्मचारी सिकंदर (गार्ड), मोहन (ग्रुप-डी कर्मचारी) और संजय (माली) आज सुबह करीब दस बजे नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गांव बायल की पहाड़ियों में जेसीबी से अवैध खनन होता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने जेसीबी को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन रोकने के बजाय वनकर्मियों की ओर ही जेसीबी बढ़ा दी।

जेसीबी के नीचे पड़ी बाइक

जेसीबी के नीचे पड़ी बाइक

जेसीबी के नीचे आई बाइक

वन विभाग के कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उनकी बाइक वहीं छूट गई, जिस पर जेसीबी चढ़ गई। इससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंज अधिकारी रजनीश और डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सीसीटीवी आया सामने

वहीं इस मामले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें वन गार्ड व अन्य जेसीबी का पीछा करते हैं। जेसीबी चालक ने अचानक सीधी जा रही जेसीबी को रोक दिया। रोकने के बाद ड्राइवर एकदम से जेसीबी को पीछे बैक चलाने लग जाता है। ऐसा देख वन गार्ड बाइक से कूदकर उसको वहीं छोड़ कर भाग जाता है। वहीं जेसीबी ड्राइवर जेसीबी को बाइक पर चढ़ा देता है। इससे बाइक जेसीबी के नीचे आ जाती है।

जेसीबी के नीचे पड़ी बाइक की जांच करते पुलिस कर्मी

जेसीबी के नीचे पड़ी बाइक की जांच करते पुलिस कर्मी

पुलिस को देख किया बैक

सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि आगे पुलिस की गाड़ी खड़ी थी। जिसको देखकर जेसीबी ड्राइवर ने जेसीबी को पीछे किया लगता है। वहीं इस घटना के होते ही डायल 112 की टीम वहां पहुंच जाती है। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट जाती है। बाद में ड्राइवर से जेसीबी को हटवाया जाता है।

वसीम चला रहा था जेसीबी

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, संबंधित जेसीबी संजय उर्फ माडू राम की बताई जा रही है, जबकि उसे वसीम चला रहा था। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त बाइक को जेसीबी के नीचे से निकलवाया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को देंगे शिकायत- रेंज ऑफिसर

वन विभाग के रेंज ऑफिसर रजनीश ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी के तहत वन विभाग के कर्मचारी खनन रोकने के लिए गए थे, जहां पर यह घटना हो गई। कर्मचारियों के साथ हुई घटना की शिकायत पुलिस को दी जाएगी।