Jauhar University Raid: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED का बड़ा छापा; रामपुर, सहारनपुर से दिल्ली तक 10 ठिकानों पर रेड
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ी संपत्तियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा शिकंजा कसा है। बुधवार सुबह ईडी की टीमों ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, सहारनपुर और दिल्ली के जामिया नगर समेत कुल 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
जौहर ट्रस्ट से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता के ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई।
- Published: 19 Aug 2026, 10:51 AM IST
- Last Updated: 19 Aug 2026, 11:14 AM IST
जेल में बंद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी के वित्तीय लेन-देन में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लखनऊ जोनल कार्यालय ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि सरकारी निर्माण कार्यों व ठेकों से अर्जित धनराशि को निजी ठेकेदारों के माध्यम से जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट में लगाया गया, जिससे संपत्तियों का निर्माण किया गया। इस मामले में डिजिटल साक्ष्य, बैंक रिकॉर्ड और फंडिंग के स्रोतों का पता लगाने के लिए केंद्रीय बल की तैनाती के बीच व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रामपुर यूनिवर्सिटी में सुबह 7 बजे पहुंची ईडी की टीम
बुधवार सुबह करीब 7 बजे ईडी के 15 अधिकारियों की टीम 3 गाड़ियों में सवार होकर रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची। परिसर में पहुंचते ही सुरक्षा बलों ने मुख्य द्वारों को अपने नियंत्रण में ले लिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही रोक दी गई।
अधिकारियों ने यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक ब्लॉक, ट्रस्ट कार्यालय और लेखा विभाग के कमरों में रखे दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम पिछले कई वर्षों के वित्तीय लेन-देन, दान रसीदों और निर्माण कार्यों के बिलों का बारीकी से मिलान कर रही है।
सहारनपुर में सीए दीपक गुप्ता के आवास और दफ्तर पर छापेमारी
कार्रवाई का दायरा सिर्फ रामपुर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सहारनपुर में जौहर ट्रस्ट से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) दीपक गुप्ता के ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई। ईडी की टीमों ने अंबाला रोड स्थित उनके कार्यालय और दिल्ली रोड स्थित आवास पर पहुंचकर वित्तीय ऑडिट, बैलेंस शीट और बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए।
जांच दल यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि सरकारी ठेकों का पैसा किन शेल कंपनियों या माध्यमों से ट्रस्ट तक पहुंचाया गया।
दिल्ली के ठिकानों पर भी सर्च, 100 से अधिक मामलों में घिरे हैं आजम खान
राजधानी दिल्ली के जामिया नगर सहित कई अन्य परिसरों पर भी जांच टीमों ने तलाशी अभियान चलाया। गौरतलब है कि आजम खान पर विभिन्न मामलों में 100 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में रामपुर जिला प्रशासन ने नियमों की अनदेखी और नक्शा पास न होने के चलते यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का आदेश जारी किया था, जिस पर मुरादाबाद कमिश्नर कोर्ट से अंतरिम रोक लगी हुई है।
इससे पहले भी जुलाई 2019 और सितंबर 2023 में आयकर विभाग व ईडी द्वारा यूनिवर्सिटी और आजम खान के ठिकानों पर छापे मारे जा चुके हैं।