
वेलिंगटन में क्या होने वाला है? (PC-PTI)
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो टी20 मैचों में टीम इंडिया ने जीत हासिल कर ली है लेकिन वेलिंगटन में जीत इतनी आसान नहीं होगी. वेलिंगटन में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए खतरा न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के अलावा मौसम भी है. वेलिंगटन में जब टीम इंडिया सोमवार को प्रैक्टिस करने उतरी तो उसका सामना तेज हवाओं से हुआ. हवा की गति 60 किमी. प्रति घंटे से 120 किमी. प्रति घंटे तक थी. नौबत ये थी कि खिलाड़ी सीधे खड़े तक नहीं हो पा रहे थे. उनकी टोपियां उड़ रही थी, यहां तक कि प्रैक्टिस के उपकरण भी नीचे गिर रहे थे.
वेलिंगटन की हवा है टीम इंडिया के लिए खतरा
RevSportz की रिपोर्ट के मुताबिक वेलिंगटन में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए परिस्थिति काफी मुश्किल हैं. यहां हवा की वजह से तेज गेंदबाजों को रनअप में दिक्कत होगी और बल्लेबाजों को स्विंग का सामना करना होगा. वेलिंगटन के रहने वाले ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने भी कहा कि इस शहर की परिस्थितियों में कुछ आसान नहीं रहने वाला. माइकल ब्रेसवेल कहा कि वेलिंगटन में बैलेंस एक बड़ा अहम मुद्दा है. तेज हवाओं में गेंद स्विंग करेगी और वेलिंगटन का मैदान खुला है जिसकी वजह से हवा एक अहम कारक होने वाली है. बता दें न्यूजीलैंड के मौसम विभाग ने तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया हुआ है लेकिन अच्छी बात ये है कि मैच के दिन ये हवाएं थोड़ी धीमी रहेंगी.
“Wind speed upto 120kph”!!! That’s how “Windy” Wellington is going to be for New Zealand and India as they gear up for the 3rd T20I.
Here’s how the Indian team was welcomed by strong gush of winds at Basin Reserve.
@CricSubhayan @ThumsUpOfficial #NZvsIND https://t.co/8xuPJTh1p7
— RevSportz Global (@RevSportzGlobal) October 26, 2026
वेलिंगटन में बारिश होगी?
वेलिंगटन के मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार रात को हवाएं और तेज हो जाएंगी और मंगलवार सुबह ऐसा ही जारी रहेगा. तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरेंगे और साथ ही बिजली भी कट सकती है. ड्राइविंग करना मुश्किल होगा. लेकिन शाम होते-होते हवा की रफ्तार कम हो सकती है. वेलिंगटन में मंगलवार को बारिश हो सकती है और मुमकिन है कि भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टी20 के दौरान बादल बरसें. अब देखना ये है कि मैच हो पाएगा या नहीं. अगर होगा तो क्या वो 20-20 ओवर का होगा?

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More