नोएडा में रैपिडो राइडर ने एक महिला को पर्सनल मैसेज भेजे। पहले पूछा- ‘हैलो, कैसी हो आप?’ फिर कुछ ही देर बाद सीधे ‘आई लव यू’ लिख दिया।
.
महिला ने चेतावनी देते हुए लिखा- वापस कॉल या मैसेज किया, तो पुलिस से शिकायत करूंगी। इस पर राइडर ने कहा- हां, जाओ कर दो। रैपिडो में भी कर दो। महिला ने पूरी बातचीत के स्क्रीनशॉट लिंक्डइन पर शेयर कर दिया। उसने रैपिडो के को-फाउंडर अरविंद सांका को टैग कर शिकायत की। पोस्ट सामने आने के बाद रैपिडो कंपनी ने महिला से माफी मांगी है।
डिजिटल कम्युनिकेशन एक्सपर्ट ने रैपिडो से पार्सल बुक किया था
नोएडा में रहने वाली डिजिटल कम्युनिकेशन एक्सपर्ट गीतिका श्रीवास्तव ने दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत की। उन्होंने बताया- रविवार सुबह करीब 10 बजे मैंने दो रैपिडो ऑर्डर बुक किए थे। दोनों ऑर्डर घर के लिए थे। दूसरा ऑर्डर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद मैंने अपना फोन चेक किया। रैपिडो पोर्टल पर दूसरा ऑर्डर लाने वाले युवक की तरफ से ‘आई लव यू’ का मैसेज दिखाई दिया।
मैंने यह बात पति को बताई और उन्हें मैसेज भी दिखाया। इसके बाद पति ने उस मैसेज पर रिप्लाई किया। गीतिका ने बताया- मैंने काफी देर तक रैपिडो पर शिकायत करने का विकल्प ढूंढा, लेकिन मुझे कोई शिकायत का विकल्प नहीं मिला। इसके बाद पति ने इस मामले को लिंक्डइन ग्रुप पर शेयर किया। दो बार याद दिलाने के बाद रैपिडो की तरफ से मुझसे माफी मांगी गई।

रविवार को रैपिडो से पार्सल डिलीवरी करने वाले युवक ने महिला को आपत्तिजनक मैसेज भेजे। (फाइल फोटो)
गीतिका ने अपनी नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया लिंक्डइन पर लिखा- देश में एक महिला होना पहले ही मुश्किल है। लेकिन, अब रैपिडो से सिर्फ एक पार्सल डिलीवरी बुक करना भी परेशानी का कारण बन रहा है।
उन्होंने डिलीवरी राइडर की ओर से भेजे गए पर्सनल और आपत्तिजनक मैसेज का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर राइडर शिकायत की बात सुनकर भी इतना बेफिक्र क्यों था?
गीतिका ने पूछा- क्या राइडर पर कोई कार्रवाई होगी
गीतिका ने इस बात पर हैरानी जताई कि पुलिस या कंपनी में शिकायत करने की चेतावनी देने के बावजूद राइडर बेखौफ रहा। उसने शिकायत तक करने के लिए कह दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे व्यवहार के लिए राइडर पर किसी तरह की कार्रवाई होगी?
उन्होंने रैपिडो की भर्ती और डिलीवरी पार्टनर्स की निगरानी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। पूछा- कंपनी आखिर किस तरह के लोगों को राइडर के तौर पर भर्ती कर रही है?

रैपिडो राइडर ने गीतिका श्रीवास्तव को ये आपत्तिजनक मैसेज भेजे।
रैपिडो कंपनी ने पोस्ट पर कमेंट कर माफी मांगी
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रैपिडो ने गीतिका की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। रैपिडो ने माफी मांगी। कंपनी ने कहा कि डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के व्यवहार को लेकर महिला की चिंता को वह समझती है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाता है।
रैपिडो ने अपने जवाब में कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में हैं।

रैपिडो कंपनी ने गीतिका की पोस्ट पर कमेंट कर माफी मांगी।
यूजर्स बोले- रैपिडो का रवैया बेहद खराब
- कंपनी की माफी के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। लिंक्डइन पर 3 दिन में 44 यूजर्स ने कमेंट किए। रैपिडो के जवाब पर भी सवाल उठाए। पूछा कि सिर्फ माफी मांगना काफी है। या फिर ऐसे व्यवहार के लिए राइडर के खिलाफ ठोस कार्रवाई भी होनी चाहिए।
- यूजर विमल ने लिखा- कंपनी और उसके कर्मचारी, दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। कंपनी पर भारी जुर्माना लगाया जाए, क्योंकि वह अपने ग्राहकों की प्राइवेसी सुनिश्चित करने में नाकाम रही।
- विनय यादव ने लिखा- महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों के मामले में रैपिडो का रवैया बेहद खराब है। कंपनी इन चिंताओं को गंभीरता से नहीं लेती। ऐसा लगता है कि कंपनी के पास शिकायतों और सुरक्षा मामलों से निपटने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। सब कुछ भगवान भरोसे चल रहा है। मेरी कुछ महिला मित्रों को भी रैपिडो के राइडर्स से इससे भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा है। लेकिन, रैपिडो सपोर्ट ने उनकी शिकायतों को दूर करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

--------------------------
ये खबर भी पढ़िए-
योगी बोले- हम उनमें से नहीं, जो माफिया के सामने गिड़गिड़ाएं, बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाई तो जहन्नुम जाओगे

सीएम योगी बुधवार को वाराणसी में थे। यहां उन्होंने पहले की सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा- घर से बाहर कैसे निकलें, 9 साल पहले यह सवाल था। कहां तक जाना है, आज यह सवाल है। पहले घर से बाहर निकलने में बेटियां डरती थीं, आज ऐसी कोई चिंता नहीं।हमने कह दिया है कि बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाई तो दो ही जगह होगी- जेल या जहन्नुम। हम उन लोगों में नहीं हैं कि वोटबैंक के लिए किसी माफिया के सामने गिड़गिड़ाएं। पढ़ें पूरी खबर...