Hazaribagh News: स्कूल प्रिंसिपल के साथ मेयर ने की गुरु गोष्ठी, विद्यालय के विकास पर मंथन

Published on 11 सित॰ 2026

Hazaribagh News: नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी कोटि के सरकारी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों को बेहतर और मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने पहल शुरू की है. शुक्रवार को नगर निगम सभागार में पहली बार सभी संबंधित विद्यालयों के प्रभारी, प्रधानाचार्य, बीईओ, बीपीएम, बीआरपी एवं सीआरपी के साथ गुरु गोष्ठी आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता मेयर अरविंद कुमार राणा ने की.

इसे भी पढ़ें: 

Live News : BRICS-2026 समिट की सुर्खियां समेत 11 सितंबर की बड़ी खबरें एक जगह
Exclusive: सरकार पर भरोसा करके बंदूक छोड़ी, अब SIR के लिए भी भटक रहे पूर्व नक्सली

बैठक में विद्यालयों को अतिक्रमण मुक्त कराने, जर्जर भवनों एवं चहारदीवारी का निर्माण, पेयजल, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने पर विस्तार से चर्चा हुई. इसके साथ ही विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया.

मेयर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों को लेकर निगम गंभीर और सजग है. विद्यालयों की जो भी समस्याएं हैं, उनकी सूची तैयार कर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्य कराया जा सके.

बैठक में विद्यालयों की स्वच्छता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. नगर निगम की ओर से सप्ताह में एक दिन विद्यालयों के शौचालय की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा आवश्यकता के अनुसार फॉगिंग कराने पर सहमति बनी.

मेयर ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी शिक्षकों को दी. उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में 12 से अधिक अटल मोहल्ला क्लीनिक, शहरी आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र एवं मदर टेरेसा स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं. इन केंद्रों पर सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चिकित्सकों की उपलब्धता रहती है. मरीजों के लिए दवा एवं जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने शिक्षकों से इन स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की.

मेयर ने कहा कि निगम क्षेत्र के विद्यालयों से सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के सम्मान में नगर निगम की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना निगम की जिम्मेदारी है.

बैठक में विद्यालयों में शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विद्या वाहिनी जैसे अभियानों को प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा हुई. मेयर ने कहा कि विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र हैं. निगम का प्रयास है कि नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में बेहतर वातावरण, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो. बैठक में सदर बीईओ जवाहर प्रसाद, बीपीएम, प्रधानाचार्य, बीआरपी एवं सीआरपी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी उपस्थित रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.