
Google Fitbit AirImage Credit source: Google
गूगल ने भारत में अपने पहले स्क्रीन-फ्री फिटनेस ट्रैकर फिटबिट एयर की लॉन्च टाइमलाइन कन्फर्म कर दी है. कंपनी का यह नया वियरेबल इसी साल अक्टूबर में भारतीय बाजार में दस्तक देगा. फिटबिट एयर में कोई स्क्रीन नहीं मिलेगी, इसलिए इसमें लगातार नोटिफिकेशन देखने या कलाई पर डेटा चेक करने की जरूरत नहीं होगी. यह डिवाइस बैकग्राउंड में हार्ट रेट, नींद, ब्लड ऑक्सीजन और दूसरे हेल्थ मेट्रिक्स को ट्रैक करने पर फोकस करता है. हालांकि, भारत में इसकी आधिकारिक कीमत अभी सामने नहीं आई है.
अक्टूबर में भारत आएगा Fitbit Air
गूगल ने 13 अगस्त को आयोजित ‘मेड बाय गूगल 2026’ इवेंट में पिक्सल 11 सीरीज और पिक्सल वॉच 5 के साथ भारतीय बाजार के लिए फिटबिट एयर की लॉन्च टाइमलाइन की जानकारी दी. कंपनी का यह नया स्क्रीन-फ्री फिटनेस वियरेबल अक्टूबर में भारत में लॉन्च होगा. इसकी सबसे खास बात इसका स्क्रीनलेस डिजाइन है. इसमें कोई डिस्प्ले नहीं है, जिससे यूजर को बार-बार कलाई उठाकर नोटिफिकेशन या हेल्थ डेटा देखने की जरूरत नहीं होगी. डिवाइस को दिनभर बैकग्राउंड में हेल्थ डेटा रिकॉर्ड करने के लिए डिजाइन किया गया है.
हार्ट रेट से नींद तक ट्रैक करेगा
फिटबिट एयर कई तरह के हेल्थ मेट्रिक्स को लगातार मॉनिटर कर सकता है. इसमें हार्ट रेट, रेस्टिंग हार्ट रेट, हार्ट रेट वैरिएबिलिटी यानी एचआरवी, अनियमित हार्ट रिदम यानी एएफआईबी और ब्लड ऑक्सीजन यानी एसपीओ2 की निगरानी शामिल है. इसके अलावा यह अपने आप नींद के पैटर्न और स्लीप साइकल को भी ट्रैक करता है. यानी यूजर को हर बार मैन्युअली ट्रैकिंग शुरू करने की जरूरत नहीं होगी. ग्लोबल मार्केट में इसके साथ गूगल हेल्थ प्रीमियम का तीन महीने का ट्रायल और एआई आधारित गूगल हेल्थ कोच टूल्स का एक्सेस भी दिया जा रहा है.
भारत में कितनी होगी कीमत?
फिटबिट एयर को चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मई में 99.99 डॉलर की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था, जो भारतीय मुद्रा के हिसाब से करीब 9,400 रुपये बैठती है. हालांकि, भारत में गूगल ने अभी इसकी आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है. अमेजॉन इंडिया पर कुछ थर्ड-पार्टी विक्रेताओं ने फिटबिट एयर की लिस्टिंग करीब 16,900 रुपये में की है, लेकिन इसे गूगल की आधिकारिक भारतीय कीमत नहीं माना जा सकता. कंपनी की ओर से अक्टूबर में लॉन्च के करीब भारत में कीमत और बिक्री से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: OpenAI GPT-5.6: अब 14 गुना तेज हुआ ChatGPT! 750 टोकन प्रति सेकंड की स्पीड से देगा जवाब

विशाल मैथिल
भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्सप्लेनर, डाटा स्टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.
Read More