LPU और चितकारा विवाद के बीच पंजाब पुलिस सख्त, कहा- बिना पुष्टि के खबरें शेयर न करें

Published on 28 सित॰ 2026

लवली प्रोफेशनल और चितकारा यूनिवर्सिटी में जारी बवाल के बीच पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील की है. पंजाब पुलिस ने अपने X पोस्ट में लोगों से अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर कोई भी खबर शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि करने को कहा है. पंजाब पुलिस ने लिखा, 'सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें.'

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग पंजाब की शांति और आपसी भाईचारे को बिगाड़ने के लिए झूठे दावे कर रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अफवाह फैलाने वालों से दूर रहने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खबर शेयर करने से पहले उसे वेरिफाई करने की सलाह दी है. पंजाब पुलिस ने सभी नागरिकों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि वह कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रही है. किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में पंजाब पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर डायल करने की अपील की है.

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को हुए बवाल के बाद सोमवार को भी तनाव का माहौल बना रहा. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अगले 10 दिनों के लिए क्लासेस सस्पेंड कर दी हैं और एग्जाम भी रद्द कर दिए गए हैं. यह कदम एक छात्रा से रेप की अफवाह के बाद शुरू हुए विवाद और उसके बाद हुई तोड़फोड़ और आगजनी के बाद उठाया गया है.

कैंपस में हालात शांत

सोमवार सुबह कैंपस में हालात शांत नजर आए. रात में पंजाब पुलिस ने यूनिवर्सिटी में फ्लैग मार्च किया, जिसके बाद प्रदर्शन कर रहे छात्र हॉस्टल लौट गए. रविवार को प्रदर्शन के दौरान कैंपस की दुकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया था. पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने और पुलिसकर्मियों पर पथराव की भी बात सामने आई थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए.

LPU कैंपस और आसपास के इलाकों में आधी रात से मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद हैं. इस बीच बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं. हॉस्टल में रहने वाले ज्यादातर छात्र पंजाब के बाहर के राज्यों से हैं.

मुख्यमंत्री ने कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने DGP गौरव यादव को मौके पर पहुंचकर हालात की समीक्षा करने को कहा है. वहीं, इंटेलिजेंस इनपुट के मुताबिक, हिंसा और तोड़फोड़ में 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति को नुकसान पहुंचने का अनुमान है. फिलहाल कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

LPU में रेप की अफवाह पर हुआ भारी बवाल, हॉस्टल खाली कर घर लौट रहे छात्र!

Live TV