Devshayani Ekadashi 2026: कल किस समय किया जाएगा देवशयनी एकादशी के व्रत का पारण? जानें शुभ मुहूर्त और विधि

Published on 25 जुल॰ 2026

Devshayani Ekadashi 2026 Vrat Parana Muhurat: आज आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी है, जिसे देवशयनी एकादशी के रूप में मनाए जाने की पंरपरा है. आज भक्त देवशयनी एकादशी का व्रत रखे हुए हैं. इस एकादशी को आषाढ़ी एकादशी और हरिशयनी एकादशी भी कहते हैं. आज से चातुर्मास की शुरुआत हो गई है, क्योंकि भगवान विष्णु आज योगनिद्रा में चले गए हैं. आज से भगवान का शयनकाल शुरू हो गया है, जिसका समापन 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के दिन होगा.

हिंदू धर्म में देवशयनी एकादशी का व्रत और पूजा जितनी विशेष और महत्वपूर्ण होती है, उतना ही इस व्रत का पारण भी महत्वपूर्ण होता है. शास्त्रों में कहा गया है कि देवशयनी एकादशी के व्रत का पारण शुभ मुहूर्त और सही विधि से ही करना चाहिए. तभी इस व्रत का संपूर्ण फल और भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि कल यानी 26 जुलाई को देवशयनी एकादशी के व्रत के पारण का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा? साथ ही जानते हैं देवशयनी एकादशी के व्रत के पारण की सही विधि.

देवशयनी एकदशी व्रत 2026 पारण का शुभ मुहूर्त

शास्त्रों के अनुसार, एकादशी के व्रत का पारण सदैव द्वादशी तिथि पर ही किया जाता है. द्वादशी तिथि के अंदर पारण न करना पाप करने के समान माना जाता है. साथ ही इस व्रत का पारण हरि वासर के दौरान भी नहीं किया जाता. कल देवशयनी एकादशी के व्रत के पारण का शुभ मुहूर्त सुबह 06 बजकर 13 मिनट से सुबह 08 बजकर 50 मिनट तक रहेगा. कल द्वादशी तिथि का समापन दोपहर 01 बजकर 57 मिनट पर होगा.

देवशयनी एकादशी के व्रत पारण की विधि

एकादशी के व्रत का पारण करने के लिए सबसे द्वादशी तिथि पर स्नान करें. फिर साफ कपड़े पहन लें. इसके बाद भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर के सामने दीपक प्रज्वलित करें. नारायण को तुलसी, फूल, फल और भोग लगाएं. भगवान विष्णु की आरती करें. व्रत खोलने से पहले किसी ब्राह्मण, गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति अन्न, धन या वस्त्र का दान करें. फिर तुलसी दल, पंचामृत या सात्विक भोजन ग्रहण करके अपना व्रत खोलें.

ये भी पढ़ें: Sawan Babies Personality: सावन माह में जन्मे बच्चे कैसे होते हैं? जानें इनका स्वभाव और विशेषताएं

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

वरुण कुमार

वरुण कुमार

वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.

Read More

google button