Delhi ITO Robbery: दिल्ली में ITO के पास 1 करोड़ की लूट से मचा हड़कंप, ऑटो रोककर पिस्टल के दम पर वारदात को अंजाम - Haribhoomi

Published on 9 सित॰ 2026

Delhi ITO Crore Robbery: दिल्ली में ITO के पास एक कारोबारी के 2 कर्मियों से पिस्टल के दम पर बदमाशों ने 1 करोड़ रुपये लूट लिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Delhi ITO Crore Robbery

दिल्ली में ITO के पास 1 करोड़ की लूट।

  • Published: 09 Sep 2026, 03:49 PM IST
  • Last Updated: 09 Sep 2026, 04:11 PM IST

Delhi ITO Crore Robbery: नई दिल्ली में ITO के पास एक कारोबारी के स्टाफ से 1 करोड़ रुपये की लूट का मामला सामने आया है। आरोप लगाया गया है कि स्कूटी सवार 2 बदमाशों ने आउटर रिंग रोड पर ऑटो को रोककर बंदूक की नोक पर वारदात को अंजाम दिया है।

बदमाश नोटों से भरा एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए। मामले के बारे पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।   

बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक किया

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने 7 सितंबर यानी सोमवार को इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी विपिन के 2 कर्मचारी सोमवार शाम ऑटो से करीब 3 करोड़ रुपए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ITO के पास आउटर रिंग रोड पर स्कूटी सवार 2 बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक कर रोक लिया।

पिस्टल के दम पर कर्मचारियों को डराया

आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर ऑटो में बैठे कर्मचारियों को डराया, और नोटों से भरा एक बैग अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। ऐसा कहा जा रहा है कि बैग में करीब 1 करोड़ रुपए थे।

फिलहाल पुलिस लूटी गई रकम और वारदात से जुड़े दूसरे विवरणों की जांच कर रही है।  लूट के बाद पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ करके वारदात के बारे में सूचना इकट्ठा की है।

CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों को नकदी ले जाने की जानकारी कैसे मिली और क्या उन्होंने पहले से रेकी की थी। इस मामले में दरियागंज पुलिस स्टेशन की टीम ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।