Datia Bypoll: दतिया में गरजे सीएम मोहन यादव, बोले- कांग्रेस 5 पीढ़ियों से एक परिवार तक सिमटी; जल्द मिलेगी ₹11,500 करोड़ के उद्योगों की सौगात - Haribhoomi

Published on 28 जुल॰ 2026

दतिया उपचुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी पांच पीढ़ियों से एक ही परिवार तक सीमित है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में वोट मांगे और दतिया को जल्द 11,500 करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक प्रोजेक्ट्स मिलने की घोषणा की।

Datia Bypoll

दतिया में गरजे सीएम मोहन यादव

  • Published: 28 Jul 2026, 09:13 AM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 09:13 AM IST

दतिया: विधानसभा उपचुनाव के प्रचार ने अंतिम दौर में जोर पकड़ लिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दतिया में आयोजित विशाल कुशवाहा समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पांच पीढ़ियों से केवल एक परिवार तक सिमटकर रह गई है और उसने कभी किसी दूसरे नेता को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि दतिया के विकास और भविष्य का चुनाव है।

कांग्रेस ने दतिया विकास रोककर रखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा और विकास पर आधारित है, जबकि कांग्रेस ने वर्षों तक दतिया के विकास को रोककर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान दतिया डकैतों और अपराध के लिए जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया और भयमुक्त वातावरण तैयार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी और हिंसा को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।

cm

दतिया के लिए बड़ी घोषणा
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने दतिया के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले डेढ़ महीने के भीतर जिले को 11,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले औद्योगिक प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलेगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र जल्द ही टेलीकॉम सेक्टर का बड़ा हब बनने जा रहा है।

कांग्रेस ने  समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम और कुशवाहा समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान लव-कुश से जुड़ा यह समाज देश के निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कुशवाहा समाज को संगठन और सरकार में उचित सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने समाज के लोगों को सांसद, विधायक, मंत्री और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं, जबकि कांग्रेस ने इस समाज को कभी पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया।

cm

किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार लगातार किसान हित में फैसले ले रही हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 82.70 लाख किसानों के खातों में 4-4 हजार रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई है। इसके अलावा लाड़ली बहना योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी लगातार पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

mp

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य "सबका साथ, सबका विकास" के संकल्प के साथ दतिया को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के लिए बिजली, पानी, सड़क और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और वरिष्ठ नेताओं के साथ दतिया शहर में विशाल रोड शो भी किया। रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। भाजपा ने इसे उपचुनाव के प्रचार अभियान का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन बताया और दावा किया कि जनता का उत्साह पार्टी की जीत का संकेत है।