दतिया उपचुनाव के प्रचार में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बसई में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सेवा के लिए राजनीति करती है, सत्ता या धंधे के लिए नहीं।
शिवराज का कांग्रेस पर हमला
- Published: 27 Jul 2026, 09:06 AM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 09:06 AM IST
दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनावी माहौल तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को दतिया जिले के बसई में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
हम सेवा के लिए राजनीति करते हैं
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति कभी भी सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं रही। उन्होंने कहा, "हम सेवा के लिए राजनीति करते हैं, शौक और धंधे के लिए नहीं। हमारा लक्ष्य विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत का निर्माण करना है।"
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश में अपहरण, डकैती और अपराध का भय था। लोग शाम के बाद घरों से निकलने से डरते थे, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था मजबूत हुई और प्रदेश डकैत मुक्त बना। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं में ऐतिहासिक सुधार किए हैं।
दतिया की जनता ने ठान लई है,
हर घर, हर बूथ कमल खिलेगो...पीताम्बरा माई की पावन धरा पर आज बसई में भाजपा प्रत्याशी श्री @Ashutosh4BJP जी के समर्थन में जनसभा में संबोधित किया।
जनता का उत्साह और नागरिकों का प्रेम देखकर तय है कि दतिया में कमल खिलने जा रहा है... pic.twitter.com/e0Ik1O2WJc
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 26, 2026
कांग्रेस कार्यकाल में ठोस काम नहीं
शिवराज ने कहा कि बसई क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री राइज स्कूल का निर्माण कराया गया है, जहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल मैदान और बेहतर शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनका कहना था कि भाजपा सरकार का उद्देश्य किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। शिवराज ने कहा कि दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटनरी कॉलेज और फिशरी कॉलेज जैसी संस्थाएं भाजपा सरकार की विकास सोच का परिणाम हैं, जबकि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया।
लाड़ली बहना योजना बड़ी उपलब्धि
महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने लाड़ली बहना योजना को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना अब दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा बनी है। साथ ही उन्होंने 'लखपति दीदी' अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है, ताकि उनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये तक पहुंच सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए शिवराज ने बताया कि मध्य प्रदेश को 15 लाख नए आवासों की स्वीकृति मिली है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बसई और आसपास के क्षेत्रों के पात्र परिवारों को भी इसका फायदा मिलेगा।
सभा के अंत में उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आशुतोष तिवारी आगे बढ़ाएंगे और दतिया के विकास को नई गति देंगे।
आमसभा में मंत्री प्रहलाद पटेल, धर्मेंद्र सिंह लोधी, चंबल संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, सांसद भारत सिंह कुशवाह और प्रीतम सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।