- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Gorakhpur
- Gorakhpur CMO Inspects Khuthan CHC | Boost Health Services & C Section
अभिजीत सिंह | गोरखपुर1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गोरखपुर के CMO डॉ. राजेश झा ने शुक्रवार को चरगांवा ब्लॉक के खुटहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की पूरी व्यवस्था को ध्यान से देखा और वहां मौजूद डॉक्टरों व कर्मचारियों से बात की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है, ताकि गांव के लोगों को आसानी से अच्छा इलाज मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आशा कार्यकर्ताओं के जरिए गांव-गांव तक अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
OT और अन्य सुविधाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान CMO ने प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर (OT) और दांत के इलाज वाले कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, उपकरण और व्यवस्थाओं को देखा और जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्टाफ के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि अगर लोगों को अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की सही जानकारी होगी, तो वे समय पर इलाज के लिए यहीं आएंगे और उन्हें शहर के बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
सी-सेक्शन सुविधा शुरू करने की तैयारी
बैठक के दौरान CMO ने खुटहन CHC में ऑपरेशन से डिलीवरी यानी सी-सेक्शन सुविधा शुरू करने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह सुविधा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को बहुत राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें डिलीवरी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इससे समय पर इलाज मिलेगा और जोखिम भी कम होगा। डॉक्टरों ने भी अस्पताल की सेवाओं को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव दिए, जिन पर जल्द काम करने की बात कही गई।
गांव में बेहतर इलाज से बढ़ेगा लोगों का भरोसा
CMO डॉ. राजेश झा ने कहा कि जब अस्पताल में अच्छा और भरोसेमंद इलाज मिलेगा, तो लोगों का विश्वास अपने आप बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों के अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं होने से मरीज नजदीकी अस्पताल में ही इलाज कराना पसंद करेंगे। इससे बड़े अस्पतालों पर दबाव भी कम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि खुटहन CHC को एक मजबूत स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए जिला स्तर से हर जरूरी मदद दी जाएगी।
कई अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके चौधरी, CHC अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार, भटहट CHC की सर्जन एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, एआरओ रितेश यादव समेत कई अन्य डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने का भरोसा जताया।
.