Box Office Report: बॉक्स ऑफिस पर 'आवारापन 2' की आंधी, 5वें दिन 100 करोड़ी क्लब में मारी एंट्री, सुस्त पड़ी सनी देओल की 'बंटवारा 1947'

Published on 19 अग॰ 2026

Awarapan 2 vs Batwara 1947 Day 5: बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'आवारापन 2' की जबरदस्त सफलता का आनंद ले रहे हैं. 14 अगस्त को सिनेमाघरों में उतरी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने न केवल अपने पहले वीकेंड पर धमाकेदार कमाई की, बल्कि वीकडेज में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है. 

दिलचस्प बात यह है कि साल 2007 में आई मूल फिल्म 'आवारापन' भले ही अपने रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी, लेकिन वक्त के साथ इसके गानों और इमोशनल कहानी ने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली. आज उसी कल्ट क्लासिक का सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच रहा है. वहीं, आवारापन 2 की सीधी टक्कर सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' से है, जो बॉक्स ऑफिस पर सुस्त पड़ती नजर आ रही है. आइए देखें, मंगलवार को कैसा रहा बॉक्स ऑफिस का हाल? 

इमरान हाशमी की पहली सोलो 100 करोड़ी फिल्म

अपने लंबे और शानदार एक्टिंग करियर के बावजूद, इमरान हाशमी के नाम बतौर सोलो लीड एक्टर एक भी 100 करोड़ क्लब वाली फिल्म दर्ज नहीं थी. हालांकि, वह इससे पहले 'टाइगर 3' और 'दे कॉल हिम ओजी' जैसी फिल्मों में विलेन के रूप में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुके हैं, लेकिन लीड एक्टर के तौर पर यह उनका पहला बड़ा मील का पत्थर है. 

'आवारापन 2' ने रिलीज के महज पांच दिनों के भीतर ही देसी बॉक्स ऑफिस पर यह जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. लगभग 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ पांच दिनों में ही 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर इवेंस्टर्स को लगभग 122 प्रतिशत का बंपर रिटर्न दिया है.

'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 5

ट्रेड एनालिस्ट वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 'आवारापन 2' ने पहले दिन यानी शुक्रवार को 22 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी. इसके बाद शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी और शोज की संख्या 9,033 से बढ़ाकर 10,496 किए जाने का जबरदस्त फायदा मिला, जिससे कमाई में 55 प्रतिशत की भारी उछाल आई और कलेक्शन 33.75 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. 

रविवार को फिल्म ने 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया. सोमवार को वीकेंड खत्म होने के बाद कमाई में गिरावट जरूर आई, फिर भी फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये जुटाए. वहीं, पांचवें दिन यानी मंगलवार को कलेक्शन में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई और फिल्म ने 9.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 100.75 करोड़ रुपये, ग्रॉस कलेक्शन करीब 120 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कुल कमाई 144.13 करोड़ रुपये हो गई है.

यह भी देखें- Explainer: 37 साल बाद फिर ‘बंटवारा’, धर्मेंद्र की फिल्म के बाद अब सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ क्या दोहरा पाएगी पुराना जादू?

'आवारापन 2' का कलेक्शन

दिनकलेक्शन
पहला दिनशुक्रवार₹22.00 करोड़
दूसरा दिनशनिवार₹33.75 करोड़
तीसरा दिनरविवार₹26.00 करोड़
चौथा दिनसोमवार₹9.25 करोड़
पांचवां दिनमंगलवार₹9.75 करोड़
भारत में कुल नेट कलेक्शन₹100.75 करोड़

सनी देओल की 'बंटवारा 1947' की सुस्त रफ्तार 

दूसरी तरफ, बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की फिल्म 'बटवारा 1947' की रफ्तार 'आवारापन 2' के मुकाबले काफी धीमी चल रही है. हालांकि, इस फिल्म के कलेक्शन में भी मंगलवार को हल्की बढ़त देखने को मिली. फिल्म ने सोमवार के 2 करोड़ रुपये के मुकाबले मंगलवार को 2.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो कि करीब 12.5 प्रतिशत की बढ़त है. 

भारत में इस फिल्म का अब तक का कुल नेट कलेक्शन 30.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन करीब 36.54 करोड़ रुपये हो चुका है. विदेशों में मंगलवार को फिल्म ने 50 लाख रुपये बटोरे, जिससे इसका ओवरसीज ग्रॉस 6.75 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कुल ग्रॉस कमाई लगभग 43.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.

वीकडेज में होगी दोनों फिल्मों की असली परीक्षा 

अब दोनों फिल्मों के लिए असली परीक्षा वीकडेज और आने वाला समय तय करेगा. हालांकि वीकडेज के हिसाब से 'आवारापन 2' की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर काफी मजबूत बनी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म अपने पहले हफ्ते में ही 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है. इसके विपरीत, 'बंटवारा 1947' की धीमी चाल को देखते हुए इसके लिए अपने पहले सप्ताह में 50 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचना भी काफी मुश्किल नजर आ रहा है.

यह भी देखें- Awarapan 2 VS Batwara 1947: 'बंटवारा 1947' को 'आवारापन 2' की टक्कर, क्या होगा दोनों का बॉक्स ऑफिस पर हाल?