विनेश फोगाट का BJP-RSS पर हमला: बृजभूषण को ‘गुंडा-बदमाश’ बताया, गोंडा में जमीन कब्जाने के आरोप, देशभक्ति पर भी उठाए सवाल - Haribhoomi

Published on 19 अग॰ 2026

विनेश ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस को घेरते हुए तिरंगा यात्राओं और दलित नेताओं से जुड़े 'शुद्धिकरण' विवाद पर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने बृजभूषण पर गोंडा में लोगों की जमीन पर कब्जा करने के आरोप भी लगाए है।

Vinesh Phogat.

विनेश फोगाट ने बृजभूषण को ‘गुंडा-बदमाश’ बताकर कसा तंज।।

  • Published: 19 Aug 2026, 10:48 AM IST
  • Last Updated: 19 Aug 2026, 10:52 AM IST

विनेश फोगाट का BJP-RSS पर हमला: जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह पर तीखा हमला बोला है। जींद में कांग्रेस की बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत में विनेश ने बृजभूषण को ‘गुंडा-बदमाश’ बताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पैसे और प्रभाव के दम पर लड़कियों पर अत्याचार किए।

विनेश ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि बृजभूषण को जरूरत से ज्यादा सम्मान नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा में लोगों की जमीन पर कब्जे के मामले भी सामने आए हैं और दावा किया कि लड़कियों के शोषण से जुड़े आरोपों के बावजूद उनका राजनीतिक संरक्षण जारी है।

बृजभूषण शरण सिंह को केंद्र सरकार और यूपी में राज्य सरकार का समर्थन हासिल है.फिर भी, बिना हथियारों के भी हम उनका डटकर सामना कर रहे हैं .लड़कियों पर किए गए अत्याचारों के लिए उन्हें देर-सबेर सज़ा ज़रूर मिलेगी.

- विनेश फोगाट pic.twitter.com/AcxRQs9Aqz

— G K Gourav (@GouravGKRepots) August 18, 2026

विनेश फोगाट ने बृजभूषण सिंह पर कसा तंज
विनेश फोगाट ने कहा कि बृजभूषण सिंह भाजपा में हैं, इसलिए पार्टी उनका साथ देती रहेगी। उन्होंने बृजभूषण की संपत्ति और हेलीकॉप्टर से यात्रा को लेकर भी सवाल उठाए। विनेश ने पूछा कि इतना पैसा कहां से आया और क्या कभी इसकी जांच होगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट तक ले जाई जाएगी।

राष्ट्रवाद के मुद्दे पर BJP-RSS पर भी साधा निशाना
विनेश ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि आरएसएस के कार्यालयों पर लंबे समय तक तिरंगा नहीं फहराया गया और आज वही लोग तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राओं के बाद राष्ट्रीय ध्वज सड़कों पर पैरों तले दिखाई देता है।

उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले पर भी विनेश ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दलित समाज के बड़े नेताओं को किसी स्थान पर जाने का अधिकार है।

अर्चना गुप्ता के बयान पर भी किया पलटवार
हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनेश ने कहा कि भाजपा का समय अब पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि टीआरपी और पब्लिसिटी हासिल करने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। विनेश ने उदाहरण देते हुए कहा कि मिट्टी का घड़ा बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ाया जा सकता, वह सिर्फ एक बार काम करता है।

कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
इधर, जुलाना में कांग्रेस संगठन की बंद कमरे में हुई बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी सामने आई। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र और सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल कार्यकर्ताओं से संगठन को लेकर फीडबैक लेने पहुंचे थे।

बैठक के दौरान विनेश फोगाट ने कार्यकर्ताओं से घमंड छोड़कर संगठन को मजबूत करने की बात कही। इसी दौरान एक नाराज कार्यकर्ता ने कथित तौर पर तंज कसते हुए कहा, ‘सबसे ज्यादा घमंड तो आप में है।’

मामला गरमाने के बाद विनेश ने सफाई देते हुए कहा कि वह कांग्रेस के किसी गुट का हिस्सा नहीं हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।