Banda High Voltage Drama: प्रेमिका के लिए केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ा आशिक, कूदने की धमकी से मचा हड़कंप - Haribhoomi

Published on 11 सित॰ 2026

बांदा में शादी से परिजनों के इनकार के बाद एक युवक केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ गया और प्रेमिका को न बुलाने पर कूदने की धमकी देने लगा। पुलिस ने करीब दो घंटे चले ड्रामे के बाद प्रेमिका को मौके पर बुलाकर युवक को सुरक्षित उतारा और गिरफ्तार कर लिया।

A lover climbed the railway bridge over the Ken River in his insistence on marriage (file photo)

शादी की जिद में केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ा आशिक (फाइल फोटो)

  • Published: 11 Sep 2026, 04:35 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 04:35 PM IST

बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद में केन नदी पर बने रेलवे पुल के ऊंचे पिलर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि अगर उसकी प्रेमिका को तुरंत मौके पर नहीं बुलाया गया तो वह नदी में छलांग लगा देगा। करीब दो घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए युवती को मौके पर बुलाया, जिसके बाद युवक नीचे उतरा और पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

​परिजनों के इनकार के बाद उठाया खौफनाक कदम

मामला मटौंध थाना क्षेत्र के अंतर्गत केन नदी पर बने रेलवे पुल का है। शहर के चमरौड़ी इलाके का निवासी विकास शर्मा शहर की ही एक युवती से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता था। परिजनों द्वारा इस रिश्ते से इनकार किए जाने के बाद वह नाराज चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे वह केन नदी रेलवे पुल पर पहुंचा और ऊपर चढ़कर अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग को लेकर शोर मचाने लगा।

​गोताखोर तैनात, दो घंटे चला रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी और कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। किसी भी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने आनन-फानन में नदी में नाविकों और गोताखोरों को तैनात कर दिया। पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर और आवाज देकर उसे लगातार समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह प्रेमिका के बिना नीचे उतरने को तैयार नहीं था।

​प्रेमिका के सामने आते ही उतरा नीचे, पुलिस ने पकड़ा

हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आखिरकार युवती से संपर्क किया और उसे पुल के पास बुलवाया। प्रेमिका को सामने देख युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे पुल से नीचे उतर आया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारते ही शांतिभंग और अन्य संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। घटना के दौरान पुल के दोनों ओर भारी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी।