Baba Ramdev Health Tips: कमर दर्द से राहत पाने के लिए करें ये 3 आसान योगासन, रीढ़ की हड्डी भी होगी मजबूत

Published on 9 सित॰ 2026

Baba Ramdev Health Tips: योग करने से सेहत को लाभ होता है. इससे शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती है और जकड़न भी कम होती है. कमर दर्द इन दिनों एक आम समस्या है, यदि आपको इससे बचना है तो बाबा रामदेव द्वारा बताए गए इन योगासनों की मदद से इसे कम कर सकते हैं.

Published byNamrata Mohanty

Baba Ramdev Health Tips: योग करने से सेहत को लाभ होता है. इससे शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती है और जकड़न भी कम होती है. कमर दर्द इन दिनों एक आम समस्या है, यदि आपको इससे बचना है तो बाबा रामदेव द्वारा बताए गए इन योगासनों की मदद से इसे कम कर सकते हैं.

author-image

New Update

Baba Ramdev Health Tips

Baba Ramdev Health Tips Photograph: (ai generated)

Baba Ramdev Health Tips: आजकल घंटों तक ऑफिस की कुर्सी पर बैठकर काम करने से, गलत पोश्चर में मोबाइल या लैपटॉप चलाने से और कम शारीरिक गतिविधियों के चलते कमर दर्द की समस्या बढ़ती जा रही है. शुरुआत में सामान्य लगने वाला दर्द अगर लंबे समय तक बना रहता है तो यह हमारे रोजमर्रा के कामों को भी प्रभावित कर सकता है. ऐसे में लोगों को नियमित योग और शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना फायदेमंद साबित होगा. पतंजलि के संस्थापक और योग गुरु बाबा रामदेव भी शरीर को लचीला और एक्टिव बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास करने की सलाह देते हैं. उन्होंने हाल ही में कमर और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानियों के लिए कुछ योगासन करने की सलाह दी है.

कमर और पीठ से जुड़ी परेशानी में कुछ आसान योगासन करने से हमारी मांसपेशियों की स्ट्रेचिंग होगी, शरीर की जकड़न कम होगी और रिलैक्सेशन में मदद मिलेगी. हालांकि, किसी भी योगासन को करते समय अपनी शारीरिक क्षमता का ध्यान रखना भी जरूरी होता है. आइए जानते हैं कमर के लिए उपयोगी माने जाने वाले 3 आसान योगाभ्यास.

इन 3 योगाभ्यासों से मिलेगी कमर दर्द से राहत

1.भुजंगासन से कमर की होगी स्ट्रेचिंग

भुजंगासन को कोबरा पोज भी कहते हैं. इस आसन में पेट के बल लेटकर शरीर के ऊपरी हिस्से को धीरे-धीरे ऊपर उठाया जाता है. इससे पीठ और कमर की मांसपेशियों में हल्का स्ट्रेच महसूस होता है. नियमित और सही तरीके से इसका अभ्यास करने पर यह हमारी बैक मसल्स को मजबूत करता है और रीढ़ की गतिशीलता को बनाए रखने में मदद करता है. लंबे समय तक बैठने के कारण होने वाली जकड़न में भी यह उपयोगी साबित हो सकता है.

सावधानी- कमर में तेज दर्द, हाल की चोट या पैर में दर्द, झनझनाहट अथवा कमजोरी होने पर इसे बिना विशेषज्ञ की सलाह के न करें.

ये भी पढ़ें- Swami Ramdev Tips: शिलाजीत से रहेंगे फिट एंड हेल्दी, बाबा रामदेव से जानें इसके सेवन का सही तरीका

2.बालासन से कम करें पीठ की थकान

बालासन एक आरामदायक योग मुद्रा होती है, जिसे चाइल्ड पोज भी कहते हैं. इसमें शरीर को आगे की ओर झुकाकर आराम की स्थिति में रखा जाता है. इस दौरान पीठ, कमर और कंधों के आसपास हल्का स्ट्रेच मिलता है. दिनभर कुर्सी पर बैठने या गलत पोश्चर की वजह से होने वाली मांसपेशियों की जकड़न में बालासन शरीर को रिलैक्स करने में मदद कर सकता है. धीमी और गहरी सांसों के साथ इसका अभ्यास करने से मन को भी शांति मिल सकती है.

ध्यान रखें- अगर इस मुद्रा में कमर का दर्द बढ़े तो तुरंत अभ्यास रोक दें. गंभीर या लगातार दर्द होने पर पहले डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह लें.

3.मकरासन से शरीर को दें आराम

मकरासन को कमर और पीठ के लिए आराम देने वाली मुद्रा माना जाता है. इसमें पेट के बल लेटकर शरीर को रिलैक्स किया जाता है. इससे पीठ और कमर की मांसपेशियों के तनाव को कम करने में मदद मिल सकती है. लंबे समय तक बैठने या खड़े रहने के बाद होने वाली थकान और स्टिफनेस में यह मुद्रा हमारे शरीर को आराम देने में सहायक होती है. इस दौरान गहरी और धीमी सांस लेने से शरीर को रिलैक्स करने में मदद मिलती है.

योग करते समय इन बातों का रखें ख्याल

कमर दर्द के लिए योग को किसी भी इलाज का विकल्प नहीं समझना चाहिए. अगर दर्द बहुत ज्यादा है, पैर तक फैल रहा है, सुन्नपन या कमजोरी महसूस हो रही है, चोट लगी हो या समस्या लगातार बनी हुई है, तो योग शुरू करने से पहले किसी डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह जरूर लें. योगाभ्यास हमेशा धीरे-धीरे और सही तकनीक के साथ ही करना चाहिए. साथ ही, लगातार कई घंटों तक बैठने से बचना चाहिए और बीच-बीच में उठकर थोड़ी देर चलना-फिरना भी अपने डेली रूटीन में शामिल कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें- Baba Ramdev Health Tips: बीपी कंट्रोल करने के लिए रामदेव ने बताएं 5 असरदार योग, जानें सही तरीका