Arvind Kejriwal: राजस्थान के जयपुर में स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचे CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका के साथ मारपीट को लेकर अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका के साथ मारपीट को लेकर अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया।
- Published: 21 Aug 2026, 04:44 PM IST
- Last Updated: 21 Aug 2026, 04:50 PM IST
Arvind Kejriwal: राजस्थान के जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में स्कूल का दौरा करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नाराजगी जताते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि बीजेपी के लोगों ने CJP के वॉलंटियर्स के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़े और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रवेश करने से रोका-आशुतोष रांका
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि टीम रामपुरा कंवरपुरा स्थित स्कूल का जायजा लेने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। रांका के पहुंचने के बाद उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें पीछे से पकड़कर घूंसे मारे गए।
रांका ने यह भी आरोप लगाया कि CJP टीम पर पथराव किया गया और कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। सामने आए कुछ वीडियो में टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की तथा वाहनों की टूटी खिड़कियां दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ये सब क्या हो रहा है देश में? बीजेपी के गुंडों ने CJP के वॉलंटियर्स पर बुरी तरह से हमला कर दिया। मार-पीट की, कपड़े फाड़े और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।
ये सब सिर्फ इसलिए कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए आवाज़ न उठा सकें? बच्चे पढ़-लिख गए, तो इससे बीजेपी को क्या तकलीफ़… https://t.co/vM7UIth3pP
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 21, 2026
भैंस के बाड़े में चल रही कक्षाओं का मुद्दा
CJP ने रामपुरा कंवरपुरा के स्कूल की स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। बताया गया है कि स्कूल भवन को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद छात्रों के लिए बंद कर दिया गया और फिलहाल पास के एक पशु बाड़े में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल की मरम्मत के लिए सरकार की ओर से धनराशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है और स्थानीय स्तर पर मरम्मत कराई जा सकती है।
आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि CJP टीम के साथ हुई कथित मारपीट के पीछे राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को बच्चों का पशु बाड़े में पढ़ना स्वीकार्य है, लेकिन स्कूल की मरम्मत कराने की मांग स्वीकार्य नहीं है।
मामले में लगाए गए आरोपों पर बीजेपी, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और राजस्थान पुलिस का पक्ष इस रिपोर्ट में उपलब्ध नहीं है। पुलिस की ओर से घटना और आरोपों पर आधिकारिक बयान सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।