
एमी विर्क Image Credit source: ammyvirk/Instagram
Ammy Virk : पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क के काफिले पर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में कथित तौर पर हमले की खबर सामने आई है. एमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद उनके काफिले का हिस्सा बताई जा रही एक गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की गई. इस खबर के बाद एमी के फैंस काफी ज्यादा चिंता में थे और सिंगर का हाल जानना चाहते थे. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
एमी विर्क ने 5 सितंबर को एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम में कॉन्सर्ट किया था. बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद देर रात जब वह वहां से निकल रहे थे, तभी फायरिंग की घटना हुई. अब पूरी घटना पर एमी के पिता का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि सब कुछ ठीक है और सभी लोग सेफ हैं.
ये भी पढ़ें: Akshay Kumar: बर्थडे पर अक्षय कुमार ने फैंस को दिया खास तोहफा, दिखाया हैवान का नया लुक
एमी विर्क के काफिले पर हमला ?
एबॉट्सफोर्ड पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर की रात करीब 11 बजे के बाद मैक्कलम रोड के 2500 ब्लॉक में एक गाड़ी को निशाना बनाया गया. पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने इस वाहन पर फायरिंग की थी. पुलिस ने बताया कि फायरिंग के कुछ ही समय बाद अधिकारियों को सनीसाइड प्लेस के 2400 ब्लॉक में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक SUV पूरी तरह आग की चपेट में थी.
एमी विर्क के पिता ने दिया अपडेट
एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि सिंगर और उनका पूरा परिवार पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने साफ किया कि उनके बेटे पर कोई गोली नहीं चलाई गई थी. कुलजीत सिंह ने दावा किया कि फायरिंग शो के आयोजकों के काफिले को निशाना बनाकर की गई थी न कि उनके बेटे पर.
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी और घटना के वक्त एमी विर्क और शो के प्रमोटर उसमें मौजूद थे. एक रिपोर्ट में इस गाड़ी को रोल्स-रॉयस बताया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग के दौरान करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं.

कहकशा परवीन
टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.
Read More