'AI ने बनाया है...' Dharmendra के पहले परिवार से रिश्ते पर बोलीं हेमा मालिनी, सालों बाद राज से उठा पर्दा - hema malini says rumoured rift with dharmendra first family is created by ai dont believe

Published on 21 अग॰ 2026

हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के पहले परिवार के साथ अपने रिश्तों को लेकर चल रही अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। देओल परिवार के बारे में सोशल मीडिया पर अक्सर इस तरह की अफवाह आती रहती है कि उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर (Prakash Kaur) और हेमा मालिनी (Hema Malini) के बीच बनती नहीं है। इसका थोड़ा बहुत उदाहरण हमें धर्मेंद्र जी (Dharmendra) के निधन के समय भी देखने को मिला जब दोनों परिवारों ने अलग-अलग प्रेयर मीट रखी।

बिना तलाक लिए की थी हेमा से शादी

अब फाइनली हेमा मालिनी ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। ड्रीम गर्ल ने उन सभी दावों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि धर्मेंद्र के पहले परिवार पत्नी प्रकाश कौर और बच्चे सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल और अजिता देओल के साथ उनके रिश्ते अच्छे नहीं हैं। हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की प्रेम कहानी बॉलीवुड के सबसे चर्चित रोमांस में से एक रही है, क्योंकि अभिनेता ने प्रकाश से शादीशुदा होने के बावजूद बिना तलाक दिए हेमा मालिनी से शादी की थी।

Hema Malini (1)

देओल परिवार के बीच मनमुटाव है?

सालों से ऐसी अफवाहें थीं कि हेमा और उनके बच्चे - ईशा देओल और अहाना देओल,धर्मेंद्र के पहले परिवार के साथ घुल-मिलकर नहीं रहते थे। परिवार के बच्चे साथ में बहुत ही कम मौकों पर स्पॉट होते थे,जिससे इन अफवाहों को और हवा मिली। हालांकि दोनों परिवारों ने अक्सर कहा है कि उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है, लेकिन फैन्स इस बात पर यकीन नहीं करते।

हेमा मालिनी ने बताई सच्चाई

हाल ही में ई-टाइम्स के साथ बातचीत में हेमा ने कहा,'हमारा परिवार बहुत एकजुट है। मैं बस इतना ही कह सकती हूं। हम सब एक-दूसरे के साथ खुश हैं। प्लीज, AI से बनाई गई हर बात पर यकीन न करें।'

उन्होंने पति के तौर पर धर्मेंद्र के बारे में भी बात की और कहा,'मुझे बहुत अच्छा जीवनसाथी मिला। उनसे जुड़ी ऐसी यादें हैं जिन्हें मैं जिंदगी भर संजोकर रखूंगी। मैंने जो कुछ भी किया, उसमें उन्होंने मेरा साथ दिया।'

Hema (16)

हेमा ने इतने सालों तक लोगों की नजर में रहने के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा,'हमने कभी इन बातों की परवाह नहीं की। हमने अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जी, न कि उन लोगों के लिए जो हमारी आलोचना करते थे या हमें जज करते थे। हमने सच्चे प्यार के साथ जिंदगी बिताई। शुरू से ही हमें पता था कि हम एक-दूसरे के लिए ही बने हैं। कोई भी इसे बदल नहीं सकता था।'

साल 1970 में हुई थी शादी

बता दें कि धर्मेंद्र की मुलाकात हेमा मालिनी से 1970 में हुई थी और चार बच्चों के पिता होने के बावजूद उन्हें हेमा से प्यार हो गया। उनकी नजदीकियां जल्द ही इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गईं। 'शोले' की शूटिंग के दौरान उनके अफेयर की अफवाह और तेज हो गईं। 1980 तक उनका रिश्ता शादी में बदल गया। हालांकि, धर्मेंद्र ने कभी प्रकाश कौर को तलाक नहीं दिया और उनके इस फैसले ने फिल्म इंडस्ट्री और फैन्स के बीच विवाद खड़ा कर दिया।