9 सितंबर को Apple का बड़ा इवेंट, नए डिजाइन से लेकर बड़े फीचर्स तक, iPhone 18 Pro में दिख सकता है बड़ा बदलाव

Published on 3 सित॰ 2026

9 सितंबर को Apple का बड़ा इवेंट, नए डिजाइन से लेकर बड़े फीचर्स तक, iPhone 18 Pro में दिख सकता है बड़ा बदलाव

Apple 9 सितंबर को लॉन्च करने जा रहा iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max

Apple के नए iPhone का इंतजार करने वालों के लिए सितंबर का महीना खास होने वाला है. कंपनी ने अपने अगले लॉन्च इवेंट की तारीख का ऐलान कर दिया है. Apple 9 सितंबर को भारतीय समय के अनुसार रात 10:30 बजे अपना नया इवेंट Surprise and Shine आयोजित करेगी.इस इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पेश किए जाने की उम्मीद है.

लेकिन इस बार Apple के इवेंट में सिर्फ नए Pro मॉडल ही चर्चा में नहीं हैं. लंबे समय से जिस फोल्डेबल iPhone की खबरें सामने आती रही हैं, उसकी झलक भी देखने को मिल सकती है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने पहले फोल्डेबल iPhone को iPhone Ultra नाम दे सकती है. हालांकि, Apple ने अभी इस डिवाइस को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

इस बार सभी iPhone एक साथ नहीं आएंगे?

इस साल Apple अपने iPhone लॉन्च का तरीका बदल सकता है. रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी iPhone 18 सीरीज को दो अलग-अलग फेज में पेश कर सकती है.सितंबर के इवेंट में कंपनी का फोकस मुख्य रूप से iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max जैसे प्रीमियम मॉडल पर हो सकता है.

वहीं, स्टैंडर्ड iPhone 18, iPhone 18e और दूसरी जनरेशन का iPhone Air बाद में, 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है. अगर ऐसा होता है तो यह Apple के लिए बड़ा बदलाव होगा, क्योंकि आमतौर पर कंपनी अपनी नई iPhone सीरीज के कई मॉडल एक ही समय पर पेश करती रही है.

iPhone 18 Pro की कीमत कितनी होगी?

नई सीरीज के साथ कीमत को लेकर भी लोगों की नजरें टिकी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमत पिछले मॉडल से ज्यादा हो सकती है.इसके पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. इनमें नए कंपोनेंट, ज्यादा महंगे मेमोरी पार्ट्स और नई 2nm चिप शामिल हैं.हालांकि, अभी कीमत को लेकर कोई पक्की जानकारी नहीं है. सही कीमत का पता Apple के लॉन्च इवेंट में ही चलेगा,

छोटा हो सकता है Dynamic Island

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में डिस्प्ले साइज में बहुत बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फोन में क्रमशः 6.3 इंच और 6.9 इंच की स्क्रीन बरकरार रह सकती है.

लेकिन स्क्रीन के ऊपर मिलने वाला Dynamic Island पहले से छोटा हो सकता है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि Apple छोटे Dynamic Island पर काम कर रहा है.अगर यह बदलाव आता है तो फोन की स्क्रीन पहले से ज्यादा साफ और बड़ी दिखाई दे सकती है.

कैमरे में भी मिल सकते हैं बड़े बदलाव

iPhone 18 Pro सीरीज में कैमरा भी बड़ा अपग्रेड पाने वाले हिस्सों में से एक हो सकता है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple 48 मेगापिक्सल का रियर कैमरा सेटअप बरकरार रख सकता है. इसमें मेन, अल्ट्रावाइड और टेलीफोटो कैमरे शामिल होने की उम्मीद है.फ्रंट में पिछले साल पेश किया गया 18 मेगापिक्सल सेंटर स्टेज कैमरा भी जारी रह सकता है.

जूम के मामले में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro में 5x ऑप्टिकल जूम और iPhone 18 Pro Max में 6x ऑप्टिकल जूम दिया जा सकता है.इसके अलावा Apple कैमरा कंट्रोल बटन में भी बदलाव कर सकता है.

iPhone 18 Pro Max के कैमरे में वेरिएबल अपर्चर मिलने की भी चर्चा है. आसान भाषा में समझें तो इससे कैमरा अलग-अलग रोशनी की स्थिति में ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकता है और यूजर को फोटो लेते समय लाइट पर ज्यादा कंट्रोल मिल सकता है.

A20 Pro चिप से बढ़ेगी स्पीड?

फोन के अंदर भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. iPhone 18 Pro और Pro Max में Apple की अगली जनरेशन की A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चिप TSMC की 2nm टेक्नोलॉजी पर तैयार की जा सकती है. नई चिप से फोन की स्पीड बढ़ने के साथ-साथ बैटरी की खपत को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिल सकती है.

Apple के नए डिजाइन में वेफर-लेवल मल्टी-चिप मॉड्यूल तकनीक इस्तेमाल करने की भी खबरें हैं. इसका मकसद फोन के अंदर कम जगह लेते हुए बेहतर परफॉर्मेंस देना हो सकता है.इसके अलावा नए Pro मॉडल्स में ज्यादा RAM मिलने की भी उम्मीद है.

iPhone 18 Pro Max में मिल सकती है बड़ी बैटरी

अगर आपको फोन की बैटरी ज्यादा चलना पसंद है, तो Pro Max मॉडल में मिलने वाला बदलाव खास हो सकता है.कई लीक्स में दावा किया गया है कि iPhone 18 Pro Max में बड़ी बैटरी दी जा सकती है. कुछ रिपोर्ट्स में इसकी कैपेसिटी 5,500mAh से ज्यादा होने की बात कही गई है.हालांकि, अभी इसकी सही कैपेसिटी सामने नहीं आई है. इसलिए इसे फिलहाल सिर्फ लीक और रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखना बेहतर होगा.

सबसे बड़ा सरप्राइज फोल्डेबल iPhone होगा?

इस पूरे इवेंट में सबसे ज्यादा उत्सुकता Apple के संभावित फोल्डेबल iPhone को लेकर है.Apple लंबे समय से फोल्डेबल फोन पर काम करने की खबरों के कारण चर्चा में है. अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी अपना पहला फोल्डेबल iPhone पेश कर सकती है और इसका नाम iPhone Ultra हो सकता है.अगर ऐसा होता है तो Apple पहली बार अपने iPhone लाइनअप में फोल्डेबल फोन शामिल करेगा. हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस फोन के नाम, डिजाइन या फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

इस बार Apple का इवेंट क्यों है खास?

इस बार का लॉन्च इवेंट इसलिए अलग माना जा रहा है क्योंकि Apple एक साथ कई बड़े बदलाव कर सकता है.एक तरफ iPhone 18 Pro और Pro Max में कैमरा, चिप, बैटरी और डिजाइन से जुड़े अपग्रेड की उम्मीद है.दूसरी तरफ, फोल्डेबल iPhone की संभावित एंट्री Apple के लिए एक नया कदम होगी.

यह भी पढ़ें- Vivo और iQOO के ये 5G फोन हुए महंगे, 4,000 रुपये तक बढ़ी कीमत

Vivo T5 5G हुआ लॉन्च, 7,050mAh बैटरी और 144Hz स्क्रीन का मिलेगा तड़का

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button