
पिता ने मासूम को नीचे फेंका
Mumbai News: महाराष्ट्र के मुंबई स्थित घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में रविवार, 25 अक्टूबर की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. घरेलू विवाद के दौरान एक 23 साल के युवक पर अपने ही 9 महीने के मासूम बेटे को स्काईवॉक से नीचे फेंक दिया. इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल उपचार के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घाटकोपर पुलिस ने मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी की पहचान जफर शेख के रूप में हुई है. रविवार रात करीब 8:10 बजे घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में स्थित स्काईवॉक पर उसका अपनी 22 वर्षीय पत्नी आरती जफर शेख के साथ विवाद हुआ था. आरोप है कि कहासुनी के दौरान जफर ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की और उसे तथा बच्चे को स्काईवॉक से नीचे फेंकने की धमकी दी.
सायन अस्पताल में बच्चे का इलाज जारी
शिकायत के अनुसार, जब पत्नी ने आरोपी से अपना बच्चा वापस मांगा, तो उसने कथित तौर पर 9 महीने के मासूम को स्काईवॉक से नीचे फेंक दिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बच्चे को गिरने से गंभीर चोटें आईं, खासकर उसके सिर में चोट लगने की बात सामने आई है. घटना के बाद घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. उसे सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. मासूम की गंभीर हालत को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है. घटना ने इलाके में भी लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज
मां की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने 26 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. इस मामले में आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी. घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि महज 9 महीने का बच्चा अपने माता-पिता के बीच हुए विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More