मंदसौर में पिछले साल से 7 इंच कम बारिश: गांधीसागर डैम 8 फीट से ज्यादा खाली, अगले दो दिन में फिर बारिश की संभावना - Mandsaur News

Published on 11 सित॰ 2026

मंदसौर जिले में रविवार को हुई बारिश के बाद मानसून की गतिविधियां थम गई हैं। पिछले पांच दिनों से जिले में बारिश नहीं हुई है। तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है। इससे लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने 13 और 14 सितंबर को जिले में फिर बारिश होने के संकेत

.

11 सितंबर तक जिले में इस मानसून सीजन में औसत 652.9 मिमी यानी 25.70 इंच बारिश दर्ज हुई है। पिछले साल इसी अवधि में 918.6 मिमी यानी करीब 32.88 इंच बारिश हुई थी। इस तरह इस साल पिछले साल की तुलना में करीब 7.18 इंच कम बारिश हुई है। जिले की सामान्य औसत बारिश 826.5 मिमी है। इसके मुकाबले अब तक 652.9 मिमी बारिश हुई है।

11 सितंबर को किसी केंद्र पर बारिश नहीं

भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, 11 सितंबर को जिले के किसी भी वर्षामापी केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं हुई। मंदसौर के साथ मल्हारगढ़, संजीत, दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित ज्यादातर इलाकों में भी बारिश नहीं हुई।

सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 771.0 मिमी बारिश धुंधड़का में दर्ज हुई है। गरोठ में 747.4 मिमी, भानपुरा में 708.8 मिमी, शामगढ़ में 706.4 मिमी, सुवासरा में 673.5 मिमी, मल्हारगढ़ में 664.0 मिमी, मंदसौर में 655.0 मिमी, भावगढ़ में 639.2 मिमी, सीतामऊ में 625.4 मिमी, कयामपुर में 529.5 मिमी और संजीत में 462.0 मिमी बारिश हुई है।

गांधीसागर बांध का जलस्तर पिछले साल से 8.67 फीट कम

11 सितंबर को गांधीसागर बांध का जलस्तर 1300.80 फीट दर्ज हुआ। पिछले साल इसी तारीख को जलस्तर 1309.47 फीट था। इस बार जलस्तर पिछले साल की तुलना में 8.67 फीट कम है।

13 सितंबर को मध्यम बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 12 सितंबर को बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री रहने का अनुमान है।

13 सितंबर को मौसम ज्यादा सक्रिय रहने और मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री रह सकता है। 14 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं और अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री रहेगा।

15 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बौछार हो सकती है। 16 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। दोनों दिन अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री रहने का अनुमान है।

सोयाबीन में नमी खत्म होने लगी

बारिश थमने के बाद तेज धूप और उमस से खेतों की ऊपरी सतह की नमी कम होने लगी है। इसका असर उन खेतों में ज्यादा हो सकता है, जहां पहले से नमी कम है। सोयाबीन सहित खरीफ फसलों में लगातार गर्मी और नमी की कमी रहने पर पौधों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है।

फूल और फलियां बनने की अवस्था में पानी की कमी से उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका रहती है। बारिश के बाद बनी उमस से फसलों में कीट और रोगों का प्रकोप बढ़ने की संभावना भी रहती है। हालांकि कृषि विशेषज्ञों के अनुसार तीन-चार दिन के बारिश ब्रेक से ही बड़े नुकसान की बात नहीं कही जा सकती। बारिश का अंतराल बढ़ने और गर्मी जारी रहने पर खेतों में नमी की स्थिति फसल के लिए महत्वपूर्ण होगी।

बदलते मौसम में वायरल संक्रमण के मरीज बढ़े

जिला अस्पताल के डॉ. अरिहंत जैन के अनुसार मौसम में बदलाव के साथ संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इन दिनों सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल फीवर और गले के संक्रमण के मरीज सामने आ रहे हैं। दस्त और पेट दर्द की शिकायत वाले मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।

चिकित्सकों ने लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। मच्छरों से बचाव, साफ पानी पीने और ताजा भोजन करने पर जोर दिया गया है। पानी को उबालकर पीना बेहतर रहेगा। यदि बुखार दो-तीन दिन तक बना रहता है तो बिना देरी किए चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।