लंदन3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

तस्वीर लंदन एयरपोर्ट की है।
ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते मंगलवार देर रात तक 1000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसल कर दी गईं। फ्लाइट मॉनिटरिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 ने इसकी जानकारी दी।
ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज ने बताया कि यह समस्या उड़ानों के टेकऑफ पर असर डाल रही थी। फ्लाइट सिस्टम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।
फ्लाइटरडार24 ने X पर बताया कि ब्रिटिश एयरवेज, ईजीजेट, KLM और लुफ्थांसा समेत कई एयरलाइंस की फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं।
लंदन के हीथ्रो, गैटविक और स्टैनस्टेड एयरपोर्ट के साथ-साथ इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स इलाके के एयरपोर्ट्स पर भी उड़ानों के टेक-ऑफ और लैंडिंग शेड्यूल में दिक्कतें आईं।
कई विमानों को यूरोप के दूसरे एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट करना पड़ा।

ईजीजेट की उड़ानें पूरे यूरोप में प्रभावित
बजट एयरलाइन ईजीजेट ने बताया कि उसकी कुछ फ्लाइट्स ऑपरेट नहीं हो सकीं। कंपनी के मुताबिक, सिस्टम में खराबी के कारण पूरे यूरोप में उसकी फ्लाइट्स में देरी हुई।
हीथ्रो एयरपोर्ट की वेबसाइट पर मंगलवार को यूरोप के अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाली कई शॉर्ट-हॉल फ्लाइट्स कैंसल या लेट दिखाई गईं।
हालांकि, एयरपोर्ट पर आने वाली फ्लाइट्स पर इसका असर नहीं दिखा। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी किस वजह से हुई।

इस तस्वीर में फ्लाइटरडार24 का एयर ट्रैफिक मैप दिख रहा है, जिसमें UK और यूरोप के ऊपर मिलती हुई फ्लाइट की लाइनें दिखाई दे रही हैं।
ट्रैफिक कंट्रोल सर्विस के CEO के इस्तीफे की मांग
रयानएयर एयरलाइन ने ब्रिटेन की एयर ट्रैफिक कंट्रोल सर्विस NATS के CEO मार्टिन रोल्फे से इस्तीफा देने की मांग की है। कंपनी के मुताबिक, सिस्टम फेल होने से उसके 65 हजार से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए।
रयानएयर के COO नील मैकमोहन ने कहा कि 2023 में NATS के बड़े सिस्टम फेल होने के तीन साल बाद भी हालात नहीं बदले हैं। उन्होंने कहा कि आज यात्रियों को 8 घंटे तक की देरी झेलनी पड़ी, जिसकी वजह NATS का अहम एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम फेल होना है।
वहीं, ब्रिटिश एयरवेज ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई खराबी उसके पूरी तरह नियंत्रण से बाहर थी और वह स्थिति ठीक करने की कोशिश कर रही है।
-------------------
यह खबर भी पढ़ें…
उड़ान के बीच दोहा-बेंगलुरु फ्लाइट पायलट की तबीयत बिगड़ी:मस्कट में इमरजेंसी लैंडिंग; इंडिगो ने यात्रियों को लेने दूसरा विमान भेजा

कतर के दोहा से बेंगलुरु आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के पायलट की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद फ्लाइट मस्कट डायवर्ट करना पड़ा। मेडिकल इमरजेंसी के बीच प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। पूरी खबर पढ़ें…
.