जगदलपुर में बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन : 5 डे बैंकिंग और PLI की मांग, तीन दिवसीय हड़ताल की दी चेतावनी - Haribhoomi

Published on 11 सित॰ 2026

जगदलपुर में 5 डे बैंकिंग और PLI की मांग को लेकर बैंक अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया जहां हड़ताल के चलते शहर के सभी बैंक बंद रहे।

Demonstration of bank employees in Jagdalpur

जगदलपुर में बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन

  • Published: 11 Sep 2026, 04:38 PM IST
  • Last Updated: 11 Sep 2026, 04:38 PM IST

अशोक नायडू - जगदलपुर। दो सूत्रीय मांगों को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने शुक्रवार को एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। सामूहिक हड़ताल के चलते शहर के सभी बैंक बंद रहे, जिससे बैंकिंग कामकाज भी प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने 5 डे बैंकिंग लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) को लेकर समान व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

5 डे बैंकिंग लागू करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे बैंक अधिकारी-कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से बैंकों में सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि अन्य क्षेत्रों की तरह बैंकिंग क्षेत्र में भी कार्यदिवस को पांच दिन किए जाने की जरूरत है।

जगदलपुर में 5 डे बैंकिंग और PLI की मांग को लेकर बैंक अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया जहां हड़ताल के चलते शहर के सभी बैंक बंद रहे।@BastarDistrict #BankStrike #EmployeesProtest pic.twitter.com/7MVydOIMjv

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 11, 2026

PLI व्यवस्था में भेदभाव का आरोप
बैंक कर्मचारियों ने PLI की मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर 365 दिनों तक के मूल वेतन के रूप में PLI दिया गया है, जबकि स्केल-3 तक के अधिकारियों और सामान्य कर्मचारियों को केवल 15 दिन के मूल वेतन और महंगाई भत्ते के बराबर लाभ मिला है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह व्यवस्था इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुए समझौते के अनुरूप नहीं है। उनके अनुसार समझौते में PLI को बैंक के समग्र प्रदर्शन से जोड़कर सभी कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू करने पर सहमति बनी थी।

दो साल से मांग पूरी नहीं होने का दावा
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इससे पहले भी कई बार हड़ताल और प्रदर्शन किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी के चलते कर्मचारियों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी है।

28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है। बैंक कर्मचारियों ने माना कि लगातार हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी और इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांगों पर जल्द ठोस निर्णय लेने की अपील की है, ताकि बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से बचें और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हो सके।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)