नियम बदलते ही देश में बढ़ा विदेशी निवेश, भारत में आए करीब ₹5,000 करोड़

Published on 21 अग॰ 2026

भारत सरकार की ओर से विदेशी निवेश यानी FDI के नियमों में किए गए बदलाव का असर अब दिखाई देने लगा है. चीन से जुड़ी कंपनियों के लिए निवेश के नियम आसान किए जाने के बाद भारत में करीब ₹4,895.65 करोड़ के 29 FDI प्रस्ताव सामने आए हैं. दरअसल, सरकार ने 1 मई 2026 को FEMA यानी फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट के तहत FDI नियमों में बदलाव किया था. नए नियमों के तहत ऐसी विदेशी कंपनियां, जिनमें चीन या हांगकांग की हिस्सेदारी 10% तक है, कुछ शर्तों के साथ भारत में ऑटोमैटिक रूट से निवेश कर सकती हैं.

इसका मतलब है कि ऐसे मामलों में निवेश के लिए पहले सरकार से अलग से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी. इससे कंपनियों के लिए भारत में निवेश करना आसान और तेज हो गया है.

किन सेक्टर्स में आया निवेश?

सरकारी अधिकारी के मुताबिक, इन 29 निवेश प्रस्तावों का पैसा कई अलग-अलग सेक्टर्स में आ रहा है. इनमें आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सूचना एवं संचार, मैन्युफैक्चरिंग, फार्मास्युटिकल्स, डेटा सेंटर और ट्रांसपोर्ट सर्विसेज जैसे क्षेत्र शामिल हैं. इन निवेशों का प्रस्ताव मॉरीशस, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, जापान, सिंगापुर, लक्जमबर्ग और केमैन आइलैंड्स जैसे देशों और क्षेत्रों में मौजूद कंपनियों या निवेशकों की ओर से आया है. सरकार का मानना है कि नियमों में बदलाव से विदेशी निवेश की प्रक्रिया आसान होगी. कंपनियों को सरकारी मंजूरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे निवेश शुरू करने में लगने वाला समय कम होगा.

क्या है ऑटोमैटिक रूट?

FDI के ऑटोमैटिक रूट का मतलब है कि विदेशी कंपनी कुछ तय नियमों और सेक्टर की शर्तों को पूरा करते हुए बिना पहले से सरकारी मंजूरी लिए भारत में निवेश कर सकती है. हालांकि, निवेश के बाद जरूरी रिपोर्टिंग और दूसरे नियमों का पालन करना जरूरी होगा. सरकार का कहना है कि नए नियमों से निवेशकों को ज्यादा स्पष्टता मिलेगी. इससे कारोबार शुरू करने में समय और लेनदेन की लागत भी कम हो सकती है. सरकार को उम्मीद है कि इससे भारत में विदेशी निवेश बढ़ाने और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत करने में मदद मिलेगी.

ये भी पढ़ें-क्या इथेनॉल की वजह से महंगी हुई चीनी? सरकार ने दिया जवाब

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More

google button