4000 करोड़ी 'रामायण' के मेकर्स ने बहाया पैसा! इवेंट में फैंस को बांटे सोने के शंख?

Published on 26 जुल॰ 2026

Ramayana San Diego Comic Con: रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ का ट्रेलर फिलहाल टल गया है, जिससे फैंस थोड़े निराश हैं. हालांकि, अमेरिका के सैन डिएगो कॉमिक कॉन 2026 में मौजूद लोगों के लिए ये इवेंट किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं रहा. 24 जुलाई को इस खास इवेंट में नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का ट्रेलर दिखाया गया, जो ऑडियंस को काफी ज्यादा पसंद भी आया. 4000 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म को मेकर्स ग्लोबल ब्लॉकबस्टर के तौर पर पेश करने की तैयारी में हैं और इसे ग्रैंड बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं, फिर चाहे इसके लिए कितने ही रुपये क्यों न खर्च हो जाएं. फिल्म के प्रमोशन में पूरी टीम जुटी हुई है और इसे लेकर एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि मेकर्स ने फैंस को सोने से बने शंख गिफ्ट किए हैं.

रणबीर कपूर की ‘रामायण‘ को रिलीज होने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. मेकर्स इसे प्रमोट करने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दावा किया गया कि सैन डिएगो में पैनल डिस्कशन और ट्रेलर प्रीव्यू में शामिल लोगों को ‘रामायण’ की टीम की ओर से खास तोहफा दिया गया.

मेकर्स ने बांटे सोने के शंख?

वायरल वीडियो के मुताबिक, मेकर्स ने मेहमानों को सोने की नक्काशी वाला शंख गिफ्ट किया. X पर पोस्ट एक वीडियो में दिख रहा है कि गिफ्ट बॉक्स के अंदर ‘रामायण’ की टीम की ओर से एक खास नोट रखा गया था. गुलाबी रंग के बॉक्स पर Prime Focus लिखा हुआ था. बॉक्स खोलने पर मुलायम कपड़े में लिपटा एक खूबसूरत शंख दिखाई देता है, जिस पर ‘रामायण’ से जुड़े बारीक डिजाइन बने हुए हैं. इवेंट के बाद ये वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोग अंदाजा लगाने लगे कि जरूर ये शंख सैन डिएगो कॉमिक कॉन में शामिल होने वाले खास लोगों को ‘रामायण’ के मेकर्स की तरफ से दिया गया है. हालांकि, इस वायरल क्लिप में कितनी सच्चाई है, हम इसका दावा नहीं करते हैं और न ही मेकर्स की तरफ से इस वीडियो को लेकर कोई बयान सामने आया है.

यह भी पढ़ें – रणबीर कपूर और यश ने रामायण का क्लाइमैक्स शूट कर लिया? अब हुआ सबसे बड़ा खुलासा

The attention to detail is simply exquisite.#Ramayana pic.twitter.com/cQz15BugqN

— Walter Black (@BryanBergX) July 24, 2026

पोस्टपोन हो गया था ट्रेलर

बता दें कि सैन डिएगो कॉमिक कॉन में रणबीर कपूर, यश और फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा मौजूद थे. फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई सुबह 8 बजे (IST) रिलीज होना था, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया. नमित मल्होत्रा ने बयान जारी कर कहा, “आज ‘रामायण’ के लिए बहुत खास दिन है. दुनिया तक रामायण को पहुंचाने का मेरा सपना अब Sony Pictures Entertainment के साथ साझेदारी के जरिए सच हो रहा है. इसी वजह से अब हम ट्रेलर को बाद में दुनियाभर में रिलीज करेंगे.”

कब आएगा रामायण का ट्रेलर?

ट्रेलर रिलीज टलने के बाद सामने आईं रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ट्रेलर छात्रों के NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के बीच टाला गया था. हालांकि, मेकर्स ने साफतौर पर इसकी कंफर्मेशन नहीं की. खबरे है कि ‘रामायण’ का ट्रेलर 29 से 31 जुलाई के बीच रिलीज किया जा सकता है. सैन डिएगो कॉमिक कॉन से पहले 18 जुलाई को दिल्ली में आयोजित ‘प्रथम संकल्प’ इवेंट में ‘रामायण’ का स्पेशल प्रीव्यू दिखाया गया था. बता दें कि फिल्म के दो ट्रेलर को CBFC से सर्टिफिकेशन भी मिल चुका है.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button