
ब्रैंडन टेलर जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैंImage Credit source: Getty Images
Brendon Taylor Record: मौजूदा दौर में जिम्बाब्वे क्रिकेट के सबसे अनुभवी, सबसे सफल और सबसे विवादित खिलाड़ियों में से एक ब्रैंडन टेलर के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई है. जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान ने अपने देश के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. बांग्लादेश के खिलाफ तीनों देशों की वनडे सीरीज के पहले मैच में टेलर ने ये कमाल किया. उन्होंने जिम्बाब्वे के महानतम बल्लेबाज एंडी फ्लावर का रिकॉर्ड तोड़ा और अपने देश के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए.
जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा रन
अबू धाबी में शनिवार 17 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में टेलर ने ये उपलब्धि हासिल की. बांग्लादेश के खिलाफ इस वनडे मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बैटिंग की और टीम ने सिर्फ 24 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे वक्त में दाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रैंडन टेलर ने टीम को संभाला और 81 रन की बेहतरीन पारी खेली. इस पारी के दौरान जैसे ही टेलर ने 31 रन बनाए, उन्होंने फ्लावर का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
जिम्बाब्वे के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान एंडी फ्लावर ने 213 मैच की 208 पारियों में 6786 रन बनाए थे. टेलर का भी रिकॉर्ड बिल्कुल फ्लावर जैसा ही है. उन्होंने 211 मैच की 209 पारियों में ये रिकॉर्ड तोड़ा. 40 साल के टेलर के नाम अब 6837 रन हो गए हैं, जिसमें 11 शतक और 40 अर्धशतक हैं, जबकि 35.24 का औसत है.
टेलर की ये उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपने करियर में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं. 2004 में अपना डेब्यू करने वाले टेलर का करियर तो 22 साल का हो गया है लेकिन इसमें से 4 साल लगातार वो क्रिकेट से दूर रहे. 2021 में टेलर ने खुलासा किया था कि उन्हें मैच फिक्सिंग के लिए ब्लैकमेल किया गया था और इसकी वजह उनका ड्रग्स सेवन था. इसके चलते टेलर पर साढ़े 3 साल का बैन लगा था और वो 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटे.
जिम्बाब्वे की बड़ी जीत
मैच की बात करें तो टेलर की इस पारी ने जिम्बाब्वे की जीत में बड़ी भूमिका निभाई. उन्होंने अपने ही सीनियर साथी क्रेग इरवाइन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की. 41 साल के इरवाइन भी शतक से चूक गए और 93 रन बनाकर आउट हुए. इसके दम पर जिम्बाब्वे ने 8 विकेट खोकर 271 रन बनाए. इसके जवाब में बांग्लादेश की बल्लेबाजी फ्लॉप रही और पूरी टीम सिर्फ 172 रन पर ढेर हो गई. जिम्बाब्वे ने 99 रन से मैच जीता.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More