एनटीपीसी सीपत के नए परियोजना प्रमुख बने विजय शंकर दुबे: अब तक कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़े रहे, 30 सालों का लंबा अनुभव - Bilaspur (Chhattisgarh) News

Published on 3 सित॰ 2026

एनटीपीसी सीपत के नए परियोजना प्रमुख बने विजय शंकर दुबे:अब तक कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़े रहे, 30 सालों का लंबा अनुभव

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)31 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बिलासपुर में एनटीपीसी सीपत के नए परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने मंगलवार को पदभार संभाल लिया। इससे पहले वे एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें ऑपरेशन, योजना एवं प्रणाली, परियोजना प्रबंधन और परियोजना निर्माण के क्षेत्र में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है।

विजय शंकर दुबे वर्ष 1995 में कार्यपालक प्रशिक्षु के तौर पर एनटीपीसी से जुड़े थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एनटीपीसी विंध्याचल में ऑपरेशन के क्षेत्र से की। इसके बाद योजना एवं प्रणाली विभाग में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी और परियोजना से जुड़े कार्यों का अनुभव हासिल किया।

दुबे ने एनटीपीसी गाडरवाड़ा, नॉर्थ करणपुरा और कॉरपोरेट सेंटर में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। इस दौरान वे परियोजना प्रबंधन और निर्माण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय रहे।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई, मशीन डिजाइन में एमटेक

विजय शंकर दुबे ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने एमएसीटी भोपाल से मशीन डिजाइन में एमटेक किया है। उन्होंने परियोजना प्रबंधन और नेतृत्व के क्षेत्र में कई प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी ली हैं।

पदभार संभालने पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

2,980 मेगावाट क्षमता का है सीपत प्लांट

एनटीपीसी सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन छत्तीसगढ़ के प्रमुख बिजली उत्पादन केंद्रों में से एक है। इसकी कुल स्थापित क्षमता 2,980 मेगावाट है। स्टेशन में स्टेज-1 के तहत 660 मेगावाट की तीन यूनिट और स्टेज-2 के तहत 500 मेगावाट की दो यूनिट हैं।

एनटीपीसी सीपत से छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिजली की आपूर्ति की जाती है।

देश का सबसे बड़ा 765 केवी स्विचयार्ड

सीपत एनटीपीसी के पहले सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट का केंद्र भी है। यहां 765 केवी का देश में अपनी तरह का सबसे बड़ा स्विचयार्ड स्थापित है।

स्टेज-3 शुरू होने पर क्षमता 3,780 मेगावाट होगी

एनटीपीसी सीपत में 800 मेगावाट क्षमता की स्टेज-III परियोजना का विकास अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल तकनीक पर किया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद स्टेशन की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावाट हो जाएगी।

हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए स्टेशन में 26 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का निर्माण भी किया जा रहा है।

.