पेरिस में 3 महिलाओं पर चाकू से हमला, हमलावर बोला-अल्लाह ने मुझे ऐसा करने का आदेश दिया

Published on 28 जुल॰ 2026

Image

पेरिस में सिरफिरे ने 3 महिलाओं पर चाकू से किया हमला। -प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo :

PTI

Paris Attack: फ्रांस की राजधानी पेरिस में पुलिस ने सोमवार को तीन महिलाओं पर चाकुओं से हमला करने वाले एक सिरफिरे को गिरफ्तार किया। गृह मंत्री लॉरेंट नूनेज ने मीडिया को बताया कि महिलाओं पर हमला करने के बाद आरोपी भाग रहा था लेकिन राहगीरों ने उस पर काबू पा लिया और बाद में एक ऑफ ड्यूटी पुलिस अफसर ने उसे हिरासत में ले लिया। रिपोर्टों के मुताबिक नूनेज ने कहा कि यह घटना पोर्टे डी क्लिची के पास हुई। यहां हमलावर ने 19, 24 और 36 साल की महिलाओं पर किचन में इस्तेमाल होने वाले दो चाकुओं से हमला किया। इनमें से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। पकड़े जाने पर सिरफिरे ने कहा-'अल्लाह ने मुझे ऐसा करने का आदेश दिया।'

'महिला की पीठ में चाकू मारते देखा तो मैं चिल्लाया'

सामने आए एक वीडियो में लंबे काले बालों वाला एक व्यक्ति क्रीम रंग का ट्रैकसूट पहने हुए दिखाई देता है। उसके दोनों हाथों में बड़े चाकू हैं और वह एक युवा महिला पर हमला कर उसे चाकू मारने की कोशिश करता है। वीडियो बनाने और उसे स्नैपचैट पर पोस्ट करने वाले 26 वर्षीय मोहम्मद-अली बूहदजार ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, 'जब मैंने उसे एक महिला की पीठ में चाकू मारते देखा तो मैं चिल्लाया, 'आओ, इसे रोकते हैं!' इसके बाद कई लोग उसकी ओर दौड़े।'

लोगों ने हमलावर को काबू में किया

उन्होंने आगे कहा, 'एक व्यक्ति ने उस पर सूटकेस फेंका, जिससे उसके हाथ से चाकू गिर गए। उसी समय मैंने उसे पकड़ लिया, उसके पैर खींचकर गिराया और फिर हम सबने मिलकर उसे जमीन पर दबोच लिया।' वीडियो के दूसरे हिस्से में वही व्यक्ति ट्रैकसूट पहने सड़क पर लोगों द्वारा काबू में किया हुआ दिखाई देता है। उसके दोनों चाकू पास ही पैदल पारपथ पर पड़े नजर आते हैं। इसी दौरान जमीन पर पड़ा व्यक्ति कहता है, 'अल्लाह ने मुझे ऐसा करने का आदेश दिया।'

हमलावर की पहचान की पुष्टि अभी नहीं

फ्रांस के गृह मंत्री के अनुसार, हमलावर को ऑफ-ड्यूटी एक पुलिस अधिकारी ने हिरासत में लिया। उन्होंने अधिकारी की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि यह एक साहसिक कदम था। अधिकारियों ने बताया कि हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अभी तक हमलावर की पहचान की पुष्टि नहीं कर पाई है। गिरफ्तारी के समय उसके बयान 'असंगत' और 'बेतुके' बताए गए। फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने कहा है कि वह इस मामले में आतंकवाद से जुड़े कोण से जांच शुरू करने पर विचार कर रहा है।

Alok Rao

आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • World

End of Article