दिल्ली की आजादपुर मंडी में व्यापारी की हत्या, हेलमेट पहने महिला समेत 3 बदमाशों ने दागीं 7 गोलियां

Published on 8 सित॰ 2026

Delhi News: दिल्ली की आजादपुर मंडी में देर रात एक हरा धनिया व्यापारी की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मोहम्मद आलम के रूप में हुई है, जो जहांगीरपुरी के रहने वाले थे और आजादपुर मंडी में हरा धनिया बेचने का कारोबार करते थे. वारदात के बाद मंडी में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने व्यापारी पर एक-दो नहीं, बल्कि करीब सात गोलियां चलाईं.

बताया जा रहा है कि वारदात बीती रात करीब 2 बजे आजादपुर मंडी के अंदर हुई. मोहम्मद आलम मंडी में मौजूद थे, तभी हेलमेट पहने तीन हमलावर वहां पहुंचे. इनमें एक महिला और दो युवक शामिल बताए जा रहे हैं. तीनों पैदल आए थे और हेलमेट पहन रखा था. आरोप है कि हमलावरों ने मोहम्मद आलम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. करीब सात गोलियां चलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

आजादपुर मंडी में व्यापारी की हत्या

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोहम्मद आलम की हत्या क्यों की गई और हमलावर कौन थे. हत्या के बाद मौके पर मौजूद CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं.

हमलावर आरोपी फरार

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस की जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर वारदात से पहले कहां से आए थे और हत्या के बाद किस दिशा में फरार हुए. आजादपुर मंडी जैसी व्यस्त जगह पर रात के समय हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं.

हालांकि, हत्या की असली वजह और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. मृतक के परिजनों का बयान भी इस मामले की जांच में अहम माना जा रहा है.

रिपोर्ट- शहजाद हासमी

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button