नेपाल में हिंसक झड़प, पुलिस फायरिंग में एक की मौत: 22 लोग घायल, भारत - नेपाल बॉर्डर पर आवाजाही बंद - Supaul News

Published on 27 जुल॰ 2026

सुपौल से सटे नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका-3 स्थित कप्तानगंज में रविवार-सोमवार की रात 2 समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए।

.

घायलों में 9 नागरिक और 13 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल (APF) की तैनाती कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सावन महीने के बोलबम श्रद्धालु कोशी बैराज से जल लेकर DJ के साथ कप्तानगंज चौक की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान तेज आवाज में बज रहे गाना को लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई।

घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए….

हिंसक झड़प के दौरान घायल युवक।

हिंसक झड़प के दौरान घायल युवक।

घटना में 22 लोग घायल हुए।

घटना में 22 लोग घायल हुए।

हिंसा में पुलिस की गाड़ियों में आग लगाई।

हिंसा में पुलिस की गाड़ियों में आग लगाई।

भारत-नेपाल बॉर्डर पर आवागमन फिलहाल बंद है।

भारत-नेपाल बॉर्डर पर आवागमन फिलहाल बंद है।

नेपाल की ओर लगी गाड़ियों की लंबी लाइन।

नेपाल की ओर लगी गाड़ियों की लंबी लाइन।

सशस्त्र पुलिस बल ने गोली चलाई

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में पथराव और हिंसक झड़प में बदल गई।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने पहले चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग की। इसके बाद हालात बिगड़ने पर सशस्त्र पुलिस बल द्वारा गोली चलाई गई।

अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और कितनी गोलियां चलीं, इसकी जांच की जा रही है।

जिला सुरक्षा समिति की इमरजेंसी मीटिंग

फायरिंग में गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश मेहता की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि जय प्रकाश मेहता की हालत गंभीर बनी हुई है।

अन्य घायलों में मिथिलेश यादव, अमलेश मेहता, मिथिलेश मेहता, अमित कुमार यादव, रवींद्र मेहता, एक अन्य अमित कुमार यादव और सुनील कुमार मेहता शामिल हैं।

सभी का बिराटनगर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के बाद जिला सुरक्षा समिति की आपात बैठक बुलाई गई।

प्रशासन ने बताया कि दोनों समुदायों को अलग कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मौजूदगी में शांति बहाल करने का प्रयास जारी है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

सुपौल के DM सावन कुमार ने इस मामले में कहा, ‘सुपौल के वीरपुर में भारत-नेपाल बॉर्डर पर आवागमन बहाल करने के लिए दोनों देश के अधिकारियों के साथ मीटिंग की जा रही है। बैठक के बाद आवागमन फिर से बहाल कर दिया जाएगा।’