22.8KM का माइलेज, 8 एयरबैग की सेफ्टी, Honda SUV भारत में लॉन्च

Published on 25 जुल॰ 2026

होंडा (Honda) ने अपनी नई एसयूवी को भारत में लॉन्च कर दिया है. वैसे तो कंपनी ने इस एसयूवी को पहले ही रिवील कर दिया था. अब कंपनी ने इसकी कीमतों का ऐलान किया है. हम बात कर रहे हैं होंडा जेडआर-वी (Honda ZR-V) की, जिसकी सीबीयू यूनिट के तौर पर भारत में एंट्री हुई है. 

ये एसयूवी कंपनी की भारत में फ्लैगशिप कार है. होंडा जेडआर-वी को कंपनी ने 48 लाख रुपये एक्स-शोरूम की इंट्रोडक्टरी कीमत पर लॉन्च किया है. ये कार सिर्फ एक वेरिएंट में आएगी और वो फुली लोडेड होगा. कार का सीधा मुकाबला स्कोडा कोडियाक, फॉक्सवैगन टेरॉन और टिगुआन से होगा. 

इंजन और पावर 

Honda ZR-V भारत में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन के साथ आती है. इसमें 2.0 लीटर का फोर सिलेंडर डायरेक्ट इंजेक्शन पेट्रोल इंजन मिलता है. ये इंजन और बैटरी सेटअप मिलकर 184 एचपी की पावर और 315 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करता है. कार फ्रंट वील ड्राइव के साथ आती है और इसमें ई-सीवीटी गियरबॉक्स मिलता है. 

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ें: Honda का महा-लॉन्च, भारत में लाई 10 बाइक और स्कूटर, बढ़ेगा मुकाबला

होंडा की मानें, तो ये कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड 7.9 सेकंड में पकड़ लेती है. कार की टॉप स्पीड को इलेक्ट्रिकली 171 किलोमीटर प्रति घंटे की है. ये कार 22.8 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज ऑफर करती है. 

डिजाइन और फीचर्स 

कार में फ्रंट एंड स्लिम एलईडी हेडलैम्प्स मिलते हैं, जो एल-शेप्ड डीआरएल्स के साथ आते हैं. ये कार 4,567 एमएम की लंबाई, 1,840 एमएम की चौड़ाई, 1,621 एमएम की ऊंचाई और 2,655 एमएम के वीलबेस के साथ आती है. कार में 18 इंच के डुअल टोन एलॉय वील्स मिलते हैं. 

यह भी पढ़ें: 22.8KM माइलेज, 4.5 मीटर से बड़ी, आ रही नई Honda SUV

होंडा जेडआर-वी में क्लियर-लेंस टेल लैम्प्ल मिलते हैं. इसमें रूफ माउंटेड स्पॉयलर मिलता है. कार में डुअल एग्जॉस्ट टिप मिलती है, जो सिल्वर कलर्ड फिनिश के साथ आती है. ये कार चार कलर ऑप्शन- ट्विलाइट मिस्ट ब्लैक पर्ल, क्रिस्टल ब्लैक पर्ल, मेटियोरॉइड ग्रे मेटैलिक और प्लेटिनम वॉइट पर्ल में आती है. 

कार में 9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. इसके अलावा 10 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 12 स्पीकर वाला बोस साउंड सिस्टम मिलता है. कार में वायरलेस फोन चार्जिंग, इलेक्ट्रिक टेलगेट, फ्रंट और रियर एंबिएंट लाइट, इंटीग्रेटेड वाशर वाले वाइपर, 8 एयरबैग और ADAS का फीचर मिलता है.

---- समाप्त ----